
गूगल क्रोमImage Credit source: Getty Images
गूगल क्रोम इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए जरूरी सुरक्षा चेतावनी सामने आई है. भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम यानी सीईआरटी-इन ने डेस्कटॉप क्रोम में कई गंभीर सुरक्षा खामियों को लेकर हाई-सीवेरिटी चेतावनी जारी की है. इन खामियों का फायदा उठाकर हमलावर कंप्यूटर में दूर से कोड चला सकते हैं, संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकते हैं या सिस्टम को बाधित कर सकते हैं. यह चेतावनी विंडोज, मैकओएस और लिनक्स पर क्रोम इस्तेमाल करने वालों के लिए है. यूजर्स को तुरंत ब्राउजर अपडेट करने की सलाह दी गई है.
Chrome में मिलीं कई खतरनाक खामियां
सीईआरटी-इन के मुताबिक, डेस्कटॉप गूगल क्रोम के कई वर्जन में सुरक्षा खामियां मिली हैं. इनका फायदा उठाकर हमलावर बिना अनुमति सिस्टम तक पहुंच बना सकते हैं, मनमाना कोड चला सकते हैं या डिनायल-ऑफ-सर्विस यानी डीओएस स्थिति पैदा कर सकते हैं. ये खामियां क्रोम के वी8, टैबस्ट्रिप, एचटीएमएल, एक्सटेंशन और ब्लिंक जैसे हिस्सों में मौजूद यूज-आफ्टर-फ्री खामियों से जुड़ी हैं. हमलावर यूजर को खास तौर पर तैयार किए गए वेबपेज या वेब रिक्वेस्ट को खोलने के लिए उकसा सकता है.
इन यूजर्स पर है खतरा
सीईआरटी-इन की चेतावनी विंडोज, मैकओएस और लिनक्स पर क्रोम इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए है. विंडोज और मैकओएस पर 151.0.7922.137/.138 से पुराने क्रोम वर्जन प्रभावित हैं, जबकि लिनक्स पर 151.0.7922.137 से पुराने वर्जन जोखिम में हैं. किसी दुर्भावनापूर्ण लिंक पर क्लिक करने या खास तौर पर तैयार वेबसाइट खोलने के बाद इन खामियों का फायदा उठाया जा सकता है. सफल हमला होने पर संवेदनशील जानकारी, पासवर्ड और बैंकिंग डिटेल्स तक पहुंच का खतरा हो सकता है. सिस्टम की मेमोरी खराब होने या जरूरी सेवाओं के बाधित होने की भी आशंका है.
ऐसे तुरंत अपडेट करें Google Chrome
सीईआरटी-इन ने प्रभावित यूजर्स और संगठनों को पुराने क्रोम वर्जन का इस्तेमाल जारी न रखने और तुरंत सुरक्षा अपडेट करने की सलाह दी है. गूगल ने इन खामियों को ठीक करने के लिए सुरक्षा अपडेट जारी किए हैं. क्रोम अपडेट करने के लिए कंप्यूटर पर गूगल क्रोम खोलें और ऊपर दाईं तरफ दिए गए तीन डॉट वाले मेन्यू पर क्लिक करें. इसके बाद हेल्प और फिर अबाउट गूगल क्रोम पर जाएं. क्रोम उपलब्ध अपडेट की जांच करके उसे डाउनलोड करेगा. अपडेट डाउनलोड होने के बाद री-लॉन्च पर क्लिक करें, जिससे नया अपडेट और सुरक्षा पैच सक्रिय हो जाएगा.
ये भी पढ़ें: Airtel यूजर्स की मौज! आईफोन खरीदने पर ₹35,000 तक डिस्काउंट, जानें क्लेम करने का पूरा प्रोसेस

विशाल मैथिल
भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्सप्लेनर, डाटा स्टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.
Read More