September 25, 2026

आप Google पर फ्री में करते हैं सर्च, फिर कंपनी अरबों कैसे कमाती है? समझिए कमाई का पूरा खेल

आप Google पर फ्री में करते हैं सर्च, फिर कंपनी अरबों कैसे कमाती है? समझिए कमाई का पूरा खेल

Google Selfie VideoImage Credit source: Magnific/File Photo

आज के समय में अगर हमें किसी भी चीज की जानकारी चाहिए होती है, तो सबसे पहले Google Search का नाम ही दिमाग में आता है. कुछ ही सेकंड में हमें अपनी जरूरत की जानकारी मिल जाती है और काम पूरा होने के बाद हम Google को बंद कर देते हैं. खास बात यह है कि इसके लिए आमतौर पर हमें कोई पैसा नहीं देना पड़ता.

ऐसा ही कुछ YouTube के साथ भी है. हम रोजाना YouTube पर कई तरह के वीडियो मुफ्त में देखते हैं. हालांकि, कुछ प्रीमियम कंटेंट और सुविधाओं के लिए पैसे देने पड़ते हैं, लेकिन इसका बड़ा हिस्सा आज भी यूजर्स फ्री में इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि जब लोग Google और YouTube जैसी सेवाओं का इस्तेमाल बिना पैसे दिए करते हैं, तो आखिर कंपनी अरबों रुपये कमाती कैसे है? दरअसल, Google की कमाई का सबसे बड़ा जरिया विज्ञापन है. इसके अलावा कंपनी Google AdSense, Google Cloud, Play Store, YouTube की विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन सर्विस और हार्डवेयर प्रोडक्ट्स से भी कमाई करती है.

1998 में शुरू हुआ था Google

Google की शुरुआत साल 1998 में हुई थी. आज यह दुनिया की सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली इंटरनेट सेवाओं में शामिल है. Google की पैरेंट कंपनी Alphabet Inc. है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2025 में Google की सालाना कमाई करीब 402.83 अरब अमेरिकी डॉलर रही थी. कंपनी की रोजाना कमाई करीब 6,700 करोड़ रुपये बताई जाती है.

Google की कमाई में सबसे बड़ा योगदान विज्ञापन कारोबार का है. इसमें Google Ads और AdSense जैसी सर्विस शामिल हैं. इसके अलावा कंपनी YouTube, Google Play Store, Google Cloud और अपने हार्डवेयर प्रोडक्ट्स से भी पैसा कमाती है.

विज्ञापनों से होती है सबसे बड़ी कमाई

Google की कमाई का करीब 80 फीसदी हिस्सा विज्ञापनों से आने की बात कही जाती है. जब आप Google पर कुछ सर्च करते हैं, तो कई बार रिजल्ट के सबसे ऊपर कुछ Sponsored Ads दिखाई देते हैं. कंपनियां अपने प्रोडक्ट या सर्विस को संभावित ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए इन विज्ञापनों पर पैसा खर्च करती हैं.

YouTube भी Google की कमाई का बड़ा जरिया है. वीडियो देखते समय बीच में या वीडियो के आसपास दिखाई देने वाले विज्ञापनों से कंपनी को आमदनी होती है. इसके अलावा Google AdSense भी कमाई का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. इसकी मदद से दूसरी वेबसाइट्स और मोबाइल ऐप्स पर Google के विज्ञापन दिखाए जाते हैं. विज्ञापन किस यूजर को और किस जगह दिखाया जाए, इसके लिए Google अपने सिस्टम और एल्गोरिदम का इस्तेमाल करता है. विज्ञापन देने वाली कंपनियां भी अपने विज्ञापन दिखाने के लिए बोली लगाती हैं.

Google Workspace और Cloud से भी कमाई

Google का कारोबार सिर्फ Search और YouTube तक सीमित नहीं है. कंपनी Google Workspace और Google Cloud जैसी सेवाएं भी देती है. कई कंपनियां अपने काम के लिए Gmail, Google Sheets, Google Meet, Google Chat और Google Slides जैसी Workspace सेवाओं का इस्तेमाल करती हैं. Google Cloud के जरिए कंपनियों को डेटा स्टोरेज, कंप्यूटिंग और दूसरी क्लाउड सुविधाएं दी जाती हैं. इन सेवाओं के लिए ग्राहक Google को भुगतान करते हैं. इस तरह Cloud और Workspace भी कंपनी की कमाई में योगदान देते हैं.

Pixel फोन से लेकर ईयरबड्स तक बेचता है Google

Google ने पिछले कुछ वर्षों में हार्डवेयर कारोबार पर भी अपना फोकस बढ़ाया है. कंपनी Pixel स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच, ईयरबड्स और दूसरे डिवाइस बेचती है। इन प्रोडक्ट्स की बिक्री से भी Google को कमाई होती है.

इसके अलावा Android यूजर्स के लिए Google Play Store काफी अहम है. Play Store पर उपलब्ध ऐप्स और कुछ डिजिटल कंटेंट की खरीदारी से भी कंपनी को हिस्सा मिलता है. यानी Google की कमाई सिर्फ उस Search से नहीं होती, जिसे हम रोजाना मुफ्त में इस्तेमाल करते हैं. इसके पीछे विज्ञापन से लेकर क्लाउड सर्विस, ऐप स्टोर, सब्सक्रिप्शन और हार्डवेयर तक कई अलग-अलग कमाई के रास्ते हैं.

यह भी पढ़ें- Xiaomi 18 Pro Max हुआ लॉन्च; डुअल डिस्प्ले और 8500mAh बैटरी के साथ 200MP का कैमरा

एक ईयरबड की आवाज हो गई कम, नया खरीदने से पहले अपनाएं ये टिप्स

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.

Read More

google button