Gondia News: गोंदिया में महिंद्रा ट्रैक्टर स्किल डेवलपमेंट सेंटर शुरू, हर साल 120 युवाओं को प्रशिक्षण
विज्ञापन
सार
Mahindra Skill Center: गोंदिया में महिंद्रा एंड महिंद्रा के सहयोग से ट्रैक्टर स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र में हर वर्ष 120 युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

महिंद्रा स्किल सेंटर- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
विस्तार
Gondia Skill Development Center: गोंदिया जिले के युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी के सहयोग से स्किल सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय जिला कौशल, रोजगार, उद्यमिता व नवाचार जिला कार्यकारी समिति की बैठक में जिलाधीश व समिति के अध्यक्ष मंदार पत्की की अध्यक्षता में लिया गया।
जिलाधीश कार्यालय में आयोजित बैठक में जिला कौशल विकास, रोजगार व उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र की विभिन्न योजनाओं और भावी उपक्रमों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर विभाग के सहायक आयुक्त योगेंद्र शेंडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। बैठक में शासकीय पॉलिटेक्निक, गोंदिया में महिंद्रा एंड महिंद्रा के सहयोग से ट्रैक्टर स्किल डेवलपमेंट सेंटर शुरू करने पर सकारात्मक चर्चा हुई।
महिंद्रा स्किल सेंटर से ट्रैक्टर सर्विस मैकेनिक तैयार होंगे
कंपनी के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन संवाद के दौरान प्रबंधक लेविस डॉन ने बताया कि केंद्र में ट्रैक्टर सर्विस मैकेनिक का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के माध्यम से जिले में कुशल तकनीशियन तैयार होंगे, जिन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
सम्बंधित ख़बरें
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले पात्र उम्मीदवारों को महिंद्रा कंपनी में नौकरी का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा। महिंद्रा कंपनी के साथ होने वाले समझौते के तहत प्रत्येक वर्ष 120 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नौकरी के नए अवसर खुलेंगे
यह अनुबंध तीन वर्षों के लिए होगा। प्रशिक्षण केंद्र में आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। बैठक में इन्क्यूबेशन व बिजनेस फैसिलिटेशन सेंटर की कार्यप्रणाली, उद्देश्य, उपलब्ध सुविधाओं तथा आगामी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
नवोदित उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने में इस केंद्र के माध्यम से मार्गदर्शन व सहायता दी जाएगी। साथ ही जिले के 59 महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए 9090 मिनट के कौशल विकास प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
ये भी पढ़े: महाराष्ट्र में मानसून का कहर: पालघर में बाढ़ से 1 की मौत, 16 गांव कटे; पुणे समेत कई जिलों में अलर्ट जारी
आत्मसमर्पित नक्सलवादियों को योजना में प्राथमिकता
इसके अलावा आत्मसमर्पित नक्सलवादियों तथा नक्सल प्रभावित व्यक्तियों को नव साक्षर योजना के अंतर्गत साक्षर बनाकर कौशल विकास के माध्यम से उनका पुनर्वास करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिले के कौशल विकास कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए वर्ष 2026-27 के लिए न्यूनतम कौशल विकास कार्यक्रम को मंजूरी प्रदान की गई। जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि इन सभी पहलों से गोंदिया जिले के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और जिला कौशल विकास के क्षेत्र में अधिक सशक्त बन सकेगा।
