वैश्विक पैकेजिंग दिग्गज बॉल कॉरपोरेशन और क्राउन होल्डिंग्स यूपी में करीब 5,000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी। कंपनियों के प्रतिनिधिमंडलों ने सीएम योगी से मुलाकात कर मेरठ और उन्नाव में लगने वाले एल्युमिनियम बेवरेज कैन प्लांट्स की प्रगति साझा की।
एल्युमिनियम कैन जायंट्स करेंगी करीब 5 हजार करोड़ का निवेश सीएम योगी से की मुलाकात (फाइल फोटो)
- Published: 11 Sep 2026, 03:57 PM IST
- Last Updated: 11 Sep 2026, 03:57 PM IST
लखनऊ : उत्तर प्रदेश उन्नत विनिर्माण के क्षेत्र में बहुराष्ट्रीय कंपनियों की पहली पसंद बनकर उभर रहा है। राज्य के बेहतर कारोबारी माहौल, मजबूत कानून-व्यवस्था और उद्योग अनुकूल नीतियों के चलते अब पैकेजिंग क्षेत्र के वैश्विक दिग्गज यहां बड़ा पूंजी निवेश करने जा रहे हैं। एल्युमिनियम बेवरेज कैन निर्माण की दो अग्रणी वैश्विक कंपनियों बॉल कॉरपोरेशन और क्राउन होल्डिंग्स ने प्रदेश में करीब 5,000 करोड़ रुपये के कुल निवेश से अत्याधुनिक विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। दोनों कंपनियों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर परियोजनाओं की प्रगति साझा की।
मेरठ में बॉल कॉरपोरेशन का ₹2,913 करोड़ का निवेश
बॉल कॉरपोरेशन के वैश्विक सीईओ रॉन लुईस के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि मेरठ स्थित इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में प्रस्तावित संयंत्र के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कंपनी की भारतीय इकाई 'बॉल बेवरेज पैकेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड' लगभग 2,913 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक संयंत्र स्थापित करेगी। उत्तर प्रदेश की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश नीति 2023 के तहत इस परियोजना को आवश्यक नीतिगत प्रोत्साहन दिए जाएंगे। यह संयंत्र राज्य की पैकेजिंग क्षमता को वैश्विक स्तर पर स्थापित करेगा।
उन्नाव में क्राउन होल्डिंग्स का ₹2,078 करोड़ का ग्रीनफील्ड प्लांट
वहीं क्राउन होल्डिंग्स की ईवीपी एवं सीओओ डाल्मा नोवेस और बेवकैन ईएमईए के प्रेसिडेंट मार्क केचिसन ने उन्नाव स्थित आईएमएलसी में अपनी ग्रीनफील्ड परियोजना की ग्राउंडब्रेकिंग के बाद मुख्यमंत्री से भेंट की। कंपनी लगभग 40 एकड़ क्षेत्र में 2,078.44 करोड़ रुपये के निवेश से नया विनिर्माण केंद्र तैयार कर रही है, जो भारत के तेजी से बढ़ते पेय उद्योग की कैन पैकेजिंग जरूरतों को पूरा करेगा।
1,700 से अधिक रोजगार और मजबूत सप्लाई चेन
क्राउन होल्डिंग्स की इस इकाई से 200 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार मिलेंगे, जबकि लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, मेंटेनेंस और सहायक उद्योगों के जरिए 1,500 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। मेरठ और उन्नाव की इन दोनों परियोजनाओं से राज्य में एमएसएमई क्षेत्र को नए ऑर्डर मिलेंगे और स्थानीय सप्लाई चेन सुदृढ़ होगी। बैठक में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार और इन्वेस्ट यूपी के एसीईओ शशांक चौधरी भी उपस्थित रहे। सरकार का मानना है कि यह निवेश उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को गति देगा।