गोरखपुर40 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

गोरखपुर में अवैध रूप से कॉलोनी और प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ GDA ने कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले तीन दिनों में करीब 15 एकड़ जमीन पर की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि बिना अनुमति प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के निर्देश पर 14 अगस्त को प्राधिकरण की टीम दो गांवों में पहुंची।
ग्राम रामगढ़ उर्फ रजही में चंदन सिंह करीब 5 एकड़ जमीन पर प्लाटिंग कर रहे थे। टीम ने उनसे तलपट मानचित्र मांगा, लेकिन वह इसे नहीं दिखा सके। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।

अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध जीडीए की ओर से ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जा रहा है।
रामपुर चौरी और सुंदर विहार कॉलोनी में 5 एकड़ जमीन पर की गई प्लाटिंग ध्वस्त
ग्राम रामपुर चौरी में करीब 2 एकड़ जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को GDA की टीम ने ध्वस्त कर दिया। यहां मुन्ना यादव की ओर से प्लाटिंग की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने शांत करा दिया।
टीम में अजय कुमार पांडेय, अजय कुमार, ज्योति राय, शोभित कन्नौजिया और धर्मेंद्र गौड़ समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे। इससे पहले 12 और 13 अगस्त को भी प्राधिकरण ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की थी।
12 अगस्त को टीम सुंदर विहार कॉलोनी पहुंची, जहां महेंद्र प्रताप यादव, एके शर्मा और एके राय की ओर से करीब 2 एकड़ में प्लाटिंग की जा रही थी। टीम को मौके पर लेआउट नहीं दिखाया गया, जिसके बाद प्लाटिंग ध्वस्त कर दी गई।
इसी तरह दिलीप साहनी और उनके सहयोगियों की ओर से करीब 1 एकड़ जमीन पर की जा रही प्लाटिंग को भी ध्वस्त किया गया। GDA अधिकारियों ने साफ किया है कि बिना अनुमति प्लाटिंग या कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

प्राधिकरण ने 3 दिन में 15 एकड़ जमीन से प्लाटिंग हटाई है।
जंगल कौड़िया, शेरपुर चमराहे और भंडारो में 5 एकड़ जमीन पर की गई प्लाटिंग ध्वस्त
13 अगस्त को GDA की टीम ग्राम जंगल कौड़िया पहुंची। यहां धर्मराज यादव और अनिरुद्ध चौधरी की ओर से 2 एकड़ जमीन पर की जा रही प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
इसके बाद टीम ग्राम शेरपुर चमराहे पहुंची। यहां दीपक कश्यप की ओर से 2 एकड़ जमीन पर की गई प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। वहीं, ग्राम भंडारो में सूर्यभान यादव और हसन खान की ओर से एक एकड़ जमीन पर की गई प्लाटिंग को भी ध्वस्त कर दिया गया।
GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने कहा कि अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। बिना अनुमति प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
.