Aug 24, 2026 03:50 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
परीक्षा इन सभी तारीखों पर दो सेशन में होगी। इस बार परीक्षा कुल 30 टेस्ट पेपर के लिए होगी। उम्मीदवार अपनी पसंद के अनुसार एक पेपर या अधिकतम दो टेस्ट पेपर में शामिल हो सकते हैं।

गेट 2027 के लिए कैसे करें रजिस्ट्रेशन
ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2027 की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए जरूरी अपडेट है। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 27 अगस्त 2026 से शुरू होगा। बता दें कि इस बार परीक्षा का आयोजन IIT मद्रास करेगा। इच्छुक उम्मीदवार GATE की आधिकारिक वेबसाइट gate2027.iitm.ac.in के जरिए अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले उम्मीदवारों को अपने जरूरी दस्तावेज और पर्सनल व शैक्षणिक जानकारी तैयार रखनी चाहिए, ताकि फॉर्म भरते समय किसी तरह की परेशानी न हो।सामान्य आवेदन शुल्क के साथ रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 27 सितंबर 2026 निर्धारित है।
GATE 2027 के लिए कब होगी परीक्षा?
GATE 2027 परीक्षा का आयोजन फरवरी 2027 में किया जाएगा। परीक्षा की तारीखें इस प्रकार हैं-
6 फरवरी 2027
7 फरवरी 2027
13 फरवरी 2027
14 फरवरी 2027
20 फरवरी 2027
21 फरवरी 2027
परीक्षा इन सभी तारीखों पर दो सेशन में होगी। इस बार परीक्षा कुल 30 टेस्ट पेपर के लिए होगी। उम्मीदवार अपनी पसंद के अनुसार एक पेपर या अधिकतम दो टेस्ट पेपर में शामिल हो सकते हैं। रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन पेपर को दो हिस्सों में बांटा गया है। इसमें पार्ट-A कॉमन सेक्शन होगा, जबकि पार्ट-B में दो सेक्शन होंगे- इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और मैकेनिकल इंजीनियरिंग।
GATE 2027 रजिस्ट्रेशन के लिए कौन से दस्तावेज जरूरी?
पासपोर्ट साइज फोटो
स्कैन किया हुआ हस्ताक्षर
वैलिड फोटो आईडी- जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस
कैटेगरी सर्टिफिकेट
PwD सर्टिफिकेट
शैक्षणिक योग्यता और क्वालिफाइंग परीक्षा से जुड़ी जानकारी
एक्टिव मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी
आवेदन शुल्क जमा करने के लिए जरूरी पेमेंट डिटेल्स
गलत फॉर्मेट या अस्पष्ट दस्तावेज अपलोड करने पर आवेदन में परेशानी आ सकती है।
आवेदन के लिए ये जानकारियां रखें तैयार
GATE 2027 का फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करनी होगी। इसमें मुख्य रूप से नाम, जन्म तिथि, संपर्क जानकारी और क्वालिफाइंग परीक्षा का ब्योरा शामिल है। आवेदन में दर्ज की जाने वाली जानकारी आधिकारिक दस्तावेजों में मौजूद जानकारी से मेल खानी चाहिए। इसलिए फॉर्म भरने से पहले अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेजों से जानकारी जरूर जांच लें।
एक उम्मीदवार केवल एक आवेदन भरे
GATE 2027 के लिए प्रत्येक उम्मीदवार को केवल एक आवेदन फॉर्म जमा करना होगा। यदि उम्मीदवार दो पेपर के निर्धारित कॉम्बिनेशन के तहत दूसरे पेपर की परीक्षा भी देना चाहता है, तो वह अपने मूल आवेदन में दूसरे पेपर को जोड़ सकता है। अगर कोई उम्मीदवार एक से ज्यादा आवेदन जमा करता है, तो केवल एक आवेदन स्वीकार किया जाएगा। बाकी आवेदन खारिज कर दिए जाएंगे और उनके लिए जमा की गई फीस भी वापस नहीं की जाएगी।
GATE 2027 आवेदन शुल्क
महिला, SC, ST और PWD वर्ग के उम्मीदवारों के लिए नियमित आवेदन अवधि में फीस 1000 रुपये है। विस्तारित अवधि में लेट फीस के साथ यह 1,500 रुपये होगी।
अन्य सभी उम्मीदवारों के लिए नियमित अवधि में आवेदन शुल्क 2000 रुपये और विस्तारित अवधि में 2500 रुपये निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।
क्यों आयोजित की जाती है गेट परीक्षा
GATE यानी ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग परीक्षा इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी और साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन यानी एमटेक और पीएचडी कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। इस परीक्षा के अंकों के आधार पर छात्र देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
