September 4, 2026

Former MLA Guddu Pandit Assault Video: पूर्व विधायक गुड्डू पंडित ने पत्नी को बाल पकड़कर घसीटा, फर्श पर गिराकर पीटा; वीडियो वायरल - Haribhoomi

बुलंदशहर के डिबाई से दो बार विधायक रह चुके सपा नेता श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित का अपनी तीसरी पत्नी और कांग्रेस महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना पांडा को बाल पकड़कर फर्श पर घसीटने व मारपीट करने का वीडियो सामने आया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर जान का खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा की मांग की है।

Former MLA Guddu Pandit drags his wife on the floor by her hair, video goes viral

पूर्व विधायक गुड्डू पंडित ने पत्नी को बाल पकड़कर फर्श पर घसीटा वीडियो वायरल

  • Published: 04 Sep 2026, 08:31 PM IST
  • Last Updated: 04 Sep 2026, 08:31 PM IST

बुलंदशहर : बुलंदशहर के डिबाई विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित का अपनी तीसरी पत्नी अर्चना पांडा के साथ मारपीट करने का एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है। कलेक्ट्रेट से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित आवास के इस वीडियो में पूर्व विधायक अपनी पत्नी के बाल खींचकर फर्श पर घसीटते और धक्का देते नजर आ रहे हैं, जबकि पत्नी खुद को बचाने के लिए हाथ-पैर मारती और चीखती दिखाई दे रही हैं। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह जान बचाकर बाहर भागीं।

​घर में घुसकर हमला करने और तलाक वापसी का दबाव बनाने का आरोप

कांग्रेस महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना पांडा ने शिकारपुर थाने में तहरीर देकर पूर्व विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अर्चना ने बताया कि वह अपने बेटे समर पंडित के साथ घर पर थीं, तभी गुड्डू पंडित अचानक पहुंचे और जोर-जोर से दरवाजा पीटने लगे। जैसे ही दरवाजा खोला गया, आरोपी ने धक्का देकर उन्हें नीचे गिरा दिया और बाल पकड़कर घसीटने लगे।

​चीख-पुकार सुनकर जब घर का नौकर पहुंचा और मोबाइल से वीडियो बनाने लगा, तो गुड्डू पंडित पीछे हटे। अर्चना ने आरोप लगाया कि अदालत में उनका तलाक का मुकदमा विचाराधीन है और गुड्डू पंडित केस वापस लेने के लिए लगातार उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़िता ने 24 घंटे महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा तैनाती की मांग की है।

​फेसबुक पर गुड्डू पंडित की सफाई: 'वीडियो पुराना, बदनाम करने की साजिश'

वीडियो वायरल होने और शिकायत दर्ज होने के बाद पूर्व विधायक गुड्डू पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सफाई दी है। उन्होंने दावा किया कि यह वीडियो पुराना है और उन्हें राजनीतिक व व्यक्तिगत रूप से बदनाम करने की साजिश के तहत वायरल किया जा रहा है। उन्होंने लिखा कि वह फिलहाल हरिद्वार में पतंजलि आश्रम में अपने गले का इलाज करा रहे हैं। गुड्डू पंडित का आरोप है कि अर्चना उनके बेटे को उनसे दूर करने और विवाद खड़ा कर सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रही हैं।

​2 साल से जारी है दंपती के बीच विवाद

गुड्डू पंडित ने वर्ष 2005 में पहली शादी काजल शर्मा से की थी। इसके बाद 2011 में शीतल और फिर 2018 में अर्चना पांडा से विवाह किया था। पिछले दो वर्षों से गुड्डू पंडित और अर्चना पांडा के बीच विवाद चल रहा है। अर्चना पूर्व में सपा महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव रह चुकी हैं और वर्ष 2023 में बुलंदशहर नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ चुकी हैं, जिसके बाद वह हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुई थीं।

​पुलिस ने शुरू की जांच

सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि कांग्रेस नेत्री की ओर से पूर्व विधायक के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। इसके साथ ही एक वीडियो फुटेज भी सामने आई है। पुलिस पूरे मामले और वायरल वीडियो के तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।