August 5, 2026

चाय खरीदने से पहले जान लें ये ट्रिक, Food Pharmer ने बताया मिलावट पकड़ने का तरीका

Image

कैसे करें असली या नकली चाय की पहचान

भारत में चाय सिर्फ एक ड्रिंक नहीं बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा है। सुबह की शुरुआत से लेकर शाम की थकान दूर करने तक चाय हर घर में बनती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो चाय आप रोज पीते हैं, वह सच में शुद्ध है या उसमें मिलावट हो सकती है? इसी विषय पर हेल्थ कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर Revant Himatsingka, जिन्हें लोग Foodpharmer के नाम से जानते हैं, ने अपने एक वीडियो में चाय की मिलावट पहचानने का बेहद आसान तरीका बताया है।

घर पर ऐसे करें चाय पत्ती की जांच

वीडियो में Foodpharmer बताते हैं कि चाय पत्ती में मिलावट पकड़ने के लिए आपको किसी लैब या महंगे उपकरण की जरूरत नहीं है। इसके लिए बस एक साधारण मैग्नेट यानी चुंबक की मदद ली जा सकती है।

सबसे पहले थोड़ा सा चाय पत्ती एक प्लेट या कटोरी में लें। इसके बाद उस चाय पत्ती के ऊपर एक मैग्नेट रखें। अगर चाय पत्ती का कुछ हिस्सा मैग्नेट से चिपक जाता है, तो इसका मतलब हो सकता है कि चाय में मिलावट की गई है।

क्यों चिपक सकती है चाय पत्ती मैग्नेट से

Foodpharmer के अनुसार कुछ कंपनियां चाय का वजन बढ़ाने के लिए उसमें आयरन फिलिंग्स यानी लोहे के बारीक कण मिला देती हैं। यही वजह है कि जब मैग्नेट चाय पत्ती के पास लाया जाता है तो वह लोहे के कणों को अपनी ओर खींच लेता है।

अगर मैग्नेट पर कुछ कण चिपक जाते हैं तो यह संकेत हो सकता है कि चाय पत्ती में मिलावट है। वहीं अगर मैग्नेट निकालने पर उस पर कुछ भी चिपका हुआ न मिले, तो संभावना है कि चाय पत्ती शुद्ध है।

FSSAI ने भी बताए ऐसे घरेलू टेस्ट

युट्यूबर के अनुसार इस तरह के कई आसान टेस्ट भारत की खाद्य सुरक्षा एजेंसी FSSAI ने उपभोक्ताओं के लिए सुझाए हैं, ताकि लोग घर पर ही खाने-पीने की चीजों की मिलावट पहचान सकें। इससे आम लोग भी थोड़ी सावधानी बरतकर अपनी सेहत को सुरक्षित रख सकते हैं।

लेबल ही नहीं, रिपोर्ट भी पढ़ें

वीडियो में फूड फार्मर यह भी कहते हैं कि भारत में कई खाद्य उत्पादों में मिलावट की समस्या गंभीर है। खासकर पैकेज्ड फूड और प्रोटीन सप्लीमेंट्स में भी कई बार गुणवत्ता को लेकर सवाल उठते रहते हैं।

वीडियो के अंत में रेवंत लोगों को सलाह देते हैं कि अब सिर्फ पैकेज पर लिखे लेबल पर भरोसा करना काफी नहीं है। उपभोक्ताओं को प्रोडक्ट की लैब रिपोर्ट और गुणवत्ता से जुड़ी जानकारी भी देखनी चाहिए। इस तरह छोटे-छोटे घरेलू टेस्ट और जागरूकता के जरिए लोग मिलावट से बच सकते हैं और अपने परिवार की सेहत को सुरक्षित रख सकते हैं।

Avni Bagrola

अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक जीवनशैली से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें युवा और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Lifestyle

End of Article