October 13, 2026

दिल्ली पुलिस ने सौरव दास, आशुतोष रांका के खिलाफ दर्ज की FIR, जंतर-मंतर पर बिना अनुमति प्रवेश का आरोप

दिल्ली पुलिस ने सौरव दास, आशुतोष रांका के खिलाफ दर्ज की FIR, जंतर-मंतर पर बिना अनुमति प्रवेश का आरोप

सौरभ दास और आशुतोष रांका (फाइल फोटो)

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर क्षेत्र में बिना अनुमति के प्रवेश करने के आरोप में कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं सौरव दास, आशुतोष रांका और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. एक पुलिस सूत्र ने कहा कि प्राथमिकी में रांका और दास द्वारा पहले पेश किए गए शांति बॉन्ड का उल्लंघन करने से संबंधित धाराएं भी शामिल हैं.

कार्यकर्ताओं ने भारी बैरिकेडिंग को भेदते हुए जंतर मंतर पर प्रवेश किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए. पुलिस ने हाल में जंतर मंतर को धरना-प्रदर्शन के निर्धारित स्थलों की सूची से बाहर कर दिया है.

निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर कथित तौर पर क्षेत्र में प्रवेश करने और कुमार के खिलाफ नारेबाजी करने के बाद दास, रांका और सीजेपी के कुछ अन्य सदस्यों को मंगलवार सुबह हिरासत में ले लिया गया था. संगठन के मुताबिक, सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे सहित उसके लगभग 11 सदस्यों को हिरासत में लिया गया था.

पुलिस अधिकारी ने क्या कहा?

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को द्वारका जिले के जाफरपुर कलां थाना ले जाया गया. सीजेपी के कुछ कार्यकर्ताओं के वहां इकट्ठा होने के बाद थाने और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई. सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इस कार्रवाई को जंतर-मंतर पर पुनः अधिकार करने के रूप में वर्णित किया और दावा किया कि जंतर मंतर को धरने के लिए निर्धारित स्थल के रूप से हटाने से संगठन का आंदोलन जारी रखने का इरादा कमजोर नहीं होगा.

शनिवार को फ्लाइट के अंदर से ही हिरासत में लिया गया

इससे पहले दीपके, दास और रांका को शनिवार को एक फ्लाइट से दिल्ली पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने विमान के अंदर से हिरासत में ले लिया था. पुलिस ने यह कार्रवाई सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर मंतर पर संगठन द्वारा प्रदर्शन के मद्देनजर किए गए व्यापक सुरक्षा उपायों के तहत की थी. हालांकि उन्हें एक दिन बाद इस शर्त पर रिहा कर दिया गया कि वो एक साल तक ‘शांति भंग नहीं करेंगे’.

हालांकि, सीजेपी नेताओं ने सीईसी के इस्तीफा देने तक अपना आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया.दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने 11 अक्टूबर को एक स्थायी आदेश जारी कर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान को विरोध प्रदर्शन और प्रदर्शनों के लिए नया निर्धारित स्थल घोषित किया है.

सीजेपी ने कहा कि यह घोषणा 12 अक्टूबर को की गई जब उसके प्रतिनिधियों ने जंतर-मंतर पर अपने प्रस्तावित शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए तारीख और समय मांगने के लिए संसद मार्ग थाने का रुख किया था.

जितेन्द्र कुमार शर्मा

जितेन्द्र कुमार शर्मा

साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।

Read More

google button