रायपुर में पुराने भाजपा कार्यक्रम के वीडियो को स्वतंत्रता दिवस का बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में भाजपा ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR की मांग की।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने की FIR की मांग
- Published: 17 Aug 2026, 08:35 PM IST
- Last Updated: 17 Aug 2026, 08:35 PM IST
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के पुराने संगठनात्मक कार्यक्रम के वीडियो को स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त 2026 का बताकर सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक प्रचार करने का मामला सामने आया है। भाजपा ने इसे लेकर कांग्रेस नेताओं और सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। सोमवार को भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने सिविल लाइंस थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी।
भाजपा का आरोप है कि पुराने वीडियो और तस्वीरों को नए संदर्भ में पेश कर यह दावा किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भाजपा जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय ध्वज की जगह पार्टी का झंडा फहराया। पार्टी ने इसे जानबूझकर किया गया भ्रामक और विद्वेषपूर्ण प्रचार बताते हुए मामले की जांच की मांग की है।
22 मार्च के कार्यक्रम को 15 अगस्त का बताने का आरोप
भाजपा की शिकायत के मुताबिक, धमतरी जिले के कुरुद में 22 मार्च 2026 को आयोजित 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान' के दौरान पार्टी का ध्वज फहराए जाने के फोटो और वीडियो को कथित तौर पर 15 अगस्त 2026 का बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। भाजपा ने आरोप लगाया कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स से यह दावा किया गया कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर भाजपा का झंडा फहराया। भाजपा का कहना है कि पुराने कार्यक्रम की सामग्री को गलत संदर्भ में पेश कर जनता के बीच भ्रम और राजनीतिक तनाव पैदा करने का प्रयास किया गया।

इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने अपनी शिकायत में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर तथा एक्स हैंडल @GenZ_of_India का उल्लेख करते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। भाजपा ने शिकायत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2), 196, 197 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66C के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित करने की मांग
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट के डिजिटल साक्ष्य, मेटाडेटा और अपलोडिंग से जुड़ी जानकारी सुरक्षित करने की मांग की है। साथ ही पोस्ट को प्रसारित करने वाले अकाउंट्स की तकनीकी जांच कर कथित रूप से भ्रामक सामग्री के स्रोत और उसके पीछे की पूरी कड़ी का पता लगाने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से कथित भ्रामक सामग्री को हटाने तथा संबंधित हैंडल्स पर कार्रवाई की मांग भी की।
'राष्ट्रीय पर्व की गरिमा से खिलवाड़ अक्षम्य'
भाजपा नेताओं ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को ठेस पहुंचाने और कथित तौर पर समाज में तनाव पैदा करने वाली सामग्री का प्रसार स्वीकार्य नहीं है। पार्टी ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है।
ये बीजेपी नेता रहे उपस्थित
इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक, डॉ. किरण बघेल, राजीव चक्रवर्ती, प्रदेश मीडिया सह संयोजक राहुल राय, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कृतिका जैन, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष राहुल राव, युवा मोर्चा मीडिया प्रभारी वासु शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)