August 2, 2026

मोदी को 'मां की गाली' देने वाली रुचिका की मां ने रोते हुए मांगी माफी, बेटी पर दर्ज FIR रद्द करने की लगाई गुहार

By Oneindia Staff

Time Published: Sunday, August 2, 2026, 8:11 [IST]

CJP Protest Ruchika Singh: दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के छात्र प्रदर्शन से जुड़ा विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में चर्चा में आई रुचिका सिंह का एक माफी वाला वीडियो सामने आने के बाद अब उनकी मां का बयान भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रुचिका की मां हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करती नजर आती हैं।

वीडियो में वो कहती हैं कि उनकी बेटी से गलती हुई है, लेकिन उसे एक और मौका मिलना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया के असर, बच्चों के भटकने और दर्ज FIR को लेकर भी कई बातें कहीं। इस बीच रुचिका की उम्र को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि वीडियो में उसे 15 साल का बताया गया है, जबकि दर्ज जीरो FIR में उम्र 25 साल लिखी गई है।

Ruchika Singh CJP Protest PM Modi

पहले रुचिका ने मांगी थी माफी

रुचिका सिंह ने इससे पहले एक वीडियो जारी कर हाथ जोड़कर माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि उनसे बड़ी गलती हुई है और यह उनकी पहली और आखिरी गलती है। उन्होंने वीडियो में अपनी उम्र 15 साल बताई और लोगों से उन्हें माफ करने की अपील की। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।

ये भी पढ़ें: 'पिता मुझे देशद्रोही कहते हैं,10 साल से नहीं की बात' CJP प्रोटेस्ट में 23 दिन अनशन करने वाली नेहा का छलका दर्द

रुचिका की मां ने क्या कहा?

अब सामने आए वीडियो में रुचिका की मां भावुक होकर कहती हैं, "मैं इंस्टाग्राम नहीं चलाती। जब पहली बार यह सब सुना तो लोग कह रहे थे कि ऐसे मां-बाप को डूब मरना चाहिए। मेरे पास शब्द नहीं हैं कि मैं क्या बोलूं।" उन्होंने कहा कि सिर्फ उनकी बेटी ही नहीं, बल्कि 10 से 20 साल की उम्र के बहुत से बच्चे सोशल मीडिया के असर में ऐसी स्थिति में पहुंच रहे हैं।

रुचिका की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा, "मेरी आपसे नम्र प्रार्थना है कि 10 से 20 साल के बच्चों के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक पर रोक लगाई जाए। इन बच्चों को सिर्फ पढ़ाई करने दी जाए। इन्हें प्रोटेस्ट और ऐसी गतिविधियों से दूर रखा जाए। 18 साल से कम उम्र के बच्चों को इसमें शामिल नहीं होने देना चाहिए।" उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों का इस्तेमाल किया जाता है और उन्हें सही-गलत की समझ नहीं होती। उनके मुताबिक, इस उम्र के बच्चों को यह भी नहीं पता होता कि किससे क्या और कितनी बात करनी चाहिए।

पीएम मोदी का किया धन्यवाद

रुचिका की मां ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए कहा, "जिस बच्ची ने इतनी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, उसे भी आपने माफ करने की बात कही। इसके लिए मैं हाथ जोड़कर आपका धन्यवाद करती हूं। आज मेरी बेटी का जन्मदिन है और आपने उसे सबसे बड़ा तोहफा दिया है। उसके लिए यह नया जीवन है।"

उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा, "पीएम मोदी जी, इस बच्ची को भी गोद ले लीजिए और इसका जीवन संवार दीजिए। जैसे आप देश और गांवों के लिए काम कर रहे हैं, वैसे ही इसे भी सही रास्ता दिखाइए ताकि इसे परिवार जैसा सहारा मिल सके।"

FIR रद्द करने की भी मांग

वीडियो में रुचिका की मां ने दावा किया कि उनकी बेटी के खिलाफ दर्ज FIR में उम्र गलत दर्ज की गई है। उन्होंने कहा, "हम मां-बेटी हैं। गलती हुई है और हम बार-बार माफी मांग रहे हैं। हमारे घर पुलिस की गाड़ियां आ रही हैं। मेरी प्रधानमंत्री मोदी जी से विनती है कि रुचिका के खिलाफ दर्ज FIR को रद्द कर दिया जाए, ताकि वह सामान्य जीवन जी सके। अब यह बच्ची आपके देश में है और आपकी निगरानी में है।"

ये भी पढ़ें: प्लान करके वायरल किया गया था CJP प्रोटेस्ट का वीडियो? तीन कंपनियां और 100 यूट्यूबर पुलिस की रडार पर