October 20, 2026

भारत में अपना कारोबार बढ़ाएगी Ferrari, अब 5 शहरों में मिलेंगी लग्जरी स्पोर्ट्स कारें; EU ट्रेड डील से सस्ती हो सकती हैं गाड़ियां

इटली की लग्जरी स्पोर्ट्स कार कंपनी फेरारी भारत में अपना बिजनेस बढ़ाने की तैयारी कर रही है. कंपनी अब देश के 5 शहरों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगी. फेरारी इसके लिए चेन्नई और अहमदाबाद में नई डीलरशिप खोलने जा रही है. अभी कंपनी की डीलरशिप दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई में मौजूद है.

ET की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के CEO बेनेडेटो विग्ना ने कहा कि फेरारी भारत के बाजार को अहमियत देती है. कंपनी यहां अपने ग्राहकों और कारों के शौकीनों के साथ लंबे समय तक जुड़ाव बनाना चाहती है. भारत में कंपनी की यह पहली प्रदर्शनी है, जिसमें उसकी कारों और भविष्य की योजनाओं को पेश किया जा रहा है.

EU ट्रेड डील से घट सकती है कारों की कीमत

भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता यानी FTA लग्जरी कार बाजार के लिए अहम साबित हो सकता है. इस समझौते के तहत यूरोप से आने वाली कुछ कारों पर आयात शुल्क मौजूदा 110% से घटकर समय के साथ 10% तक आ सकता है. हालांकि, शुल्क में कमी समझौते की शर्तों और उसके लागू होने पर निर्भर करेगी. अगर इम्पोर्ट ड्यूटी घटती है तो यूरोप से आने वाली लग्जरी स्पोर्ट्स कारों की कीमतों पर असर पड़ सकता है. इससे भारत में ऐसी कारों की मांग बढ़ने की संभावना है.

फेरारी के फार एंड मिडिल ईस्ट क्षेत्र के अध्यक्ष फ्रांसेस्को बियांकी ने कहा कि भारत-EU ट्रेड डील लग्जरी स्पोर्ट्स कार बाजार के लिए बड़ा बदलाव ला सकती है. उन्होंने बताया कि समझौते की घोषणा के बाद फेरारी उन शुरुआती कंपनियों में शामिल थी, जिसने भारतीय ग्राहकों को इसका फायदा देने की इच्छा जताई थी.

चेन्नई और अहमदाबाद में खुलेंगी नई डीलरशिप

फेरारी भारत में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए स्थानीय कंपनियों के साथ पार्टनरशिप करेगी. चेन्नई में डीलरशिप खोलने के लिए कंपनी KUN ग्रुप के साथ काम करेगी. वहीं, अहमदाबाद में नई डीलरशिप के लिए इनफिनिटी ग्रुप के साथ साझेदारी की गई है. इन दोनों शहरों में विस्तार के बाद फेरारी की मौजूदगी भारत के पांच शहरों में हो जाएगी. कंपनी का लक्ष्य देश में अपने ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाना और लग्जरी कार बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करना है.

Ferrari ने दिखाई अपनी इलेक्ट्रिक कार Luce

फेरारी ने इस प्रदर्शनी में अपनी इलेक्ट्रिक कार Luce को भी पेश किया है. कंपनी ने इसे भारतीय बाजार में लॉन्च करने की योजना का संकेत दिया है. हालांकि, भारत-EU के प्रस्तावित व्यापार समझौते में यूरोप से आयात होने वाली इलेक्ट्रिक कारें शामिल नहीं हैं. इसलिए इस समझौते के तहत मिलने वाली संभावित आयात शुल्क में कटौती का फायदा Luce को मिलेगा या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है.

ये भी पढ़ें- पहले ही लीक हुईं इस नई SUV की तस्वीरें, 26 अक्टूबर को होगी लॉन्च

महेंद्र भार्गव

महेंद्र भार्गव

महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.

Read More

google button