FDA और पुलिस की कार्रवाई में Lay’s, Kurkure, Maggi समेत कई ब्रांडों के हजारों कार्टन जब्त हुए। आरोप है कि पैकेज्ड फूड की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट बदलकर उन्हें दोबारा पैक कर एक्सपोर्ट की तैयारी की जा रही थी।
नवी मुंबई में खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। तुकाराम मुंढे के नेतृत्व वाले महाराष्ट्र FDA और नवी मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक कथित रैकेट का खुलासा किया है, जिसमें पैकेज्ड फूड प्रोडक्ट्स की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट से छेड़छाड़ किए जाने का आरोप है। अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान लेज, कुरकुरे, मैगी, नॉर, रसोई, हेलमैन्स, थम्स अप और लिम्का जैसे ब्रांडों के हजारों कार्टन जब्त किए हैं।
यह संयुक्त कार्रवाई 24 से 29 अगस्त के बीच तुर्भे TTC इंडस्ट्रियल एरिया स्थित साधना एंटरप्राइजेज के परिसर में की गई। पुलिस को कथित अवैध गतिविधि की विशेष जानकारी मिलने के बाद यह छापेमारी की गई थी। गौरतलब है कि एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में खराब फूड को लेकर मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में बड़ी कार्रवाई जारी है।
डेट बदलकर एक्सपोर्ट की तैयारी का आरोप
महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के मुताबिक, कथित रैकेट में पैकेज्ड फूड के पैकेट पर छपी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट को हटाने या बदलने का काम किया जा रहा था। इसके बाद इन उत्पादों को दोबारा पैक कर एक्सपोर्ट के लिए तैयार किए जाने का आरोप है।
अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान इंकजेट प्रिंटर, थिनर और विशेष रूप से तैयार किए गए स्टिकर मिले। आरोप है कि इनका इस्तेमाल पैकेजिंग पर दर्ज मूल जानकारी को मिटाने या ढकने के लिए किया जा रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि उत्पादों के इंग्रीडिएंट्स और न्यूट्रिशनल वैल्यू से जुड़ी जानकारी वाले लेबल भी कथित तौर पर हटाकर नए स्टिकर लगाए जा रहे थे। इसके बाद उत्पादों को दोबारा पैक किया जाता था।
Lay’s और Kurkure के ये फ्लेवर मिले
कार्रवाई के दौरान कई बड़े ब्रांडों के पैकेज्ड फूड और पेय पदार्थ बरामद किए गए। इनमें Lay’s के ये फ्लेवर शामिल थे-
- क्लासिक सॉल्टेड
- मैजिक मसाला
- स्पैनिश टैंगी टोमैटो
- सिजलिंग हॉट
- लेमन चिली
वहीं कुरकुरे के मसाला मंच, रेड चिली चटका, नॉटी टोमैटो, सॉलिड मस्ती, ग्रीन चटनी, शेजवान चटनी और पफकॉर्न यम्मी चीज जैसे फ्लेवर भी मिलते हैं। इसके अलावा अधिकारियों ने मैगी मसाला और आटा नूडल्स, फन फ्लिप्स, नॉर मशरूम सूप, रसोई करी पेस्ट और हेलमैन मेयोनेज भी बरामद हुए। पेय पदार्थों में Thums Up और Limca की बोतलें शामिल थीं।
10 एक्सपोर्टर कंपनियों से जुड़े 8,442 कार्टन जब्त
FDA के मुताबिक, जांच में मुंबई के अलावा दिल्ली और नोएडा की एक्सपोर्ट-इंपोर्ट कंपनियों की कथित संलिप्तता भी सामने आई है। एजेंसी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 10 एक्सपोर्टर कंपनियों से जुड़े 8,442 कार्टन जब्त किए गए। इनकी घोषित कीमत 75.21 लाख रुपये बताई गई है।
वेयरहाउस से करीब 30,600 रुपये कीमत के एक्सपायर और बिना लेबल वाले खाद्य उत्पाद भी बरामद किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये है। तलाशी के दौरान पुलिस और FDA अधिकारियों ने वेयरहाउस को अपने कब्जे में लेकर वहां सुरक्षा भी तैनात की थी।