August 5, 2026

Fact Check: मनोज तिवारी के पुराने इंटरव्यू की क्लिप को बांकीपुर में BJP की हार से जोड़कर किया गया वायरल

विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि मनोज तिवारी के पुराने इंटरव्यू में से एक हिस्सा काटकर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार से जोड़कर गलत दावे के साथ वायरल किया गया है।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Aug 5, 2026 at 03:50 PM
  • Updated: Aug 5, 2026 at 04:21 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा के नीरज सिन्हा को हराकर जीत दर्ज की है। अब इसे लेकर उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद मनोज तिवारी के इंटरव्यू की एक क्लिप वायरल हो रही है। इसमें उन्हें भावुक होते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में मनोज तिवारी अपने सहयोगी से रुमाल मांगते हुए भी दिख रहे हैं।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कुछ यूजर्स इस क्लिप के साथ दावा कर रहे हैं कि भाजपा की हार और प्रशांत किशोर की जीत पर मनोज तिवारी ने भावुक प्रतिक्रिया दी है।

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह भ्रामक साबित हुई। ‘टीवी 9 भारतवर्ष’ को दिए गए एक इंटरव्यू में से कुछ सेकंड की क्लिप एडिट करके वायरल किया जा रहा है। इससे पहले भी पुराने इंटरव्यू की एक अन्य क्लिप को गलत दावे के साथ वायरल किया गया था, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट यहां पढ़ी जा सकती है।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Rambriksh Paswan’ ने 4 अगस्त 2026 को एक क्लिप शेयर करते हुए लिखा, “बांकीपुर विधानसभा भाजपा को हारने के बाद मनोज तिवारी डिप्रेशन में चले गए।” इस वीडियो पर लिखा है, ”प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत पर मनोज तिवारी की भावुक प्रतिक्रिया।”

इस वीडियो में मनोज तिवारी बोल रहे हैं, “अरे भाई एक रुमाल देना मनीष, है। देखो मैं रो नहीं रहा हूं, खुशी से आंसू निकल रहे हैं।”

पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान इस वायरल क्लिप से जुड़े इंटरव्यू के एक अन्य एडिटेड वायरल क्लिप की जांच की थी। वायरल क्लिप में पत्रकार ‘अभिषेक उपाध्याय’ को टीवी9 न्यूज चैनल के लिए मनोज तिवारी का इंटरव्यू लेते हुए देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान टीवी9 के यूट्यूब चैनल को खंगालना शुरू किया। वहां कीवर्ड से सर्च करने पर हमें इस इंटरव्यू का पूरा वीडियो मिला। लोकसभा चुनाव 14 जून 2020 को पूरे इंटरव्यू को अपलोड किया गया था। उस वक्त मनोज तिवारी दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष थे।

छह साल पुराने इंटरव्यू में मनोज तिवारी को अपनी गरीबी के दिनों के बारे में बात करते हुए देखा जा सकता है। 15:07 मिनट की टाइमलाइन पर हमें वह हिस्सा मिला, जिसमें वह अपने सहयोगी से रुमाल मांगते हुए दिखे। इसी हिस्से को अब गलत दावे के साथ वायरल किया गया है।

जांच के दौरान हमने मनोज तिवारी के सोशल मीडिया हैंडल को स्कैन किया। उनके एक्स हैंडल पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बांकीपुर उपचुनाव के बाद की प्रतिक्रियाओं को रिपोस्ट किया गया था। मनोज तिवारी ने दोनों नेताओं के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा, ”बीजेपी की विशेषता है ये.. हर हाल में जनता के जनादेश को स्वीकार करना और लोकतंत्र की मर्यादा को सर्वोच्च रखते हुये प्रतिद्वंद्वी विजेता को भी बधाई देना ये एक उदाहरण प्रस्तुत करते रहना भी है। 2026 उपचुनाव के सभी विजेताओं को बधाइयां।

बीजेपी की विशेषता है ये.. हर हाल में जनता के जनादेश को स्वीकार करना और लोकतंत्र की मर्यादा को सर्वोच्च रखते हुये प्रतिद्वंदी विजेता को भी बधाई देना ये एक उदाहरण प्रस्तुत करते रहना भी है।
2026 उपचुनाव के सभी विजेताओं को बधाइयाँ। https://t.co/qKROnCNOCB

— Manoj Tiwari (@ManojTiwariMP) August 4, 2026

विश्वास न्यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए पत्रकार अभिषेक उपाध्याय से संपर्क किया और उनके साथ वायरल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने बताया कि यह काफी पुरानी क्लिप है। पहले भी यह वीडियो कई बार वायरल हो चुका है।

क्या है संदर्भ?

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत किशोर को कुल 64151 वोट मिले। दूसरे नंबर पर भाजपा के नीरज सिन्हा को 44827 वोट मिले, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी को 14273 वोट मिले। इस चुनाव के नतीजों को भारत के निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर देखा जा सकता है।

पड़ताल के अंत में पुराने इंटरव्यू के एक एडिटेड हिस्से को वायरल करने वाले यूजर के अकाउंट की जांच की गई। यूजर को फेसबुक पर आठ हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट वर्ष 2019 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि मनोज तिवारी के पुराने इंटरव्यू में से एक हिस्सा काटकर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार से जोड़कर गलत दावे के साथ वायरल किया गया है।

  • Claim Review : बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत पर मनोज तिवारी की प्रतिक्रिया।
  • Claimed By : FB User Rambriksh Paswan
  • Fact Check : झूठ

Our Sources

  1. Video of TV9 News Channel, Dated 14 Jun 2020 
  2. X Post of Manoj Tiwari, Dated 4 Aug, 5 Aug 2026 
  3. Election Results of Bankipur, ECI

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

Related Fact Check

  • Fact Check: यूपी के भाजपा उपाध्यक्ष के बेटे के नाम पर वायरल हुआ पंजाब के युवक का वीडियो
  • Fact Check: कोलकाता का वीडियो जयपुर में UGC के नए नियमों के विरोध प्रदर्शन का बताकर वायरल
  • Fact Check: हमले के बाद पप्पू यादव की नहीं बिगड़ी सेहत, पुरानी तस्वीर के जरिए फैलाया गया झूठ

टैग्स

  • Bankipur Election Result 2026
  • BJP Bankipur Election Result
  • Manoj Tiwari News
  • Manoj Tiwari Viral Interview

अपनी प्रतिक्रिया दें

Next Article