September 25, 2026

Fact Check: कोलकाता एयरपोर्ट पर बनी मस्जिद तोड़ने के दावे से वायरल वीडियो बांग्लादेश की एक घटना का है

बिल्डिंग में तोड़फोड़ करते लोगों के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो बांग्लादेश का है, जहां एक नाबालिग से रेप और उसकी हत्या से गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ कर दी थी।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Sep 25, 2026 at 10:54 AM
  • Updated: Sep 25, 2026 at 12:27 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नीले रंग की एक बिल्डिंग को तोड़ते हुए कुछ लोगों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह पश्चिम बंगाल के कोलकाता का है, जहां कुछ लोगों ने एयरपोर्ट परिसर स्थित मस्जिद में जबरन घुसकर उसे तोड़ डाला। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में इस वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो पश्चिम बंगाल नहीं, बल्कि बांग्लादेश के पाबना में हुई घटना का है। वहां मुस्तफा प्रमाणिक नाम के एक शख्स पर 10 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म कर निर्मम तरीके से उसकी हत्या करने का आरोप लगा था। इस घटना के सामने आने के बाद मुस्तफा को गिरफ्तार कर लिया गया था। इस घटना से गुस्साए लोगों ने उसके घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी थी।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Mohammad Absar’ ने 23 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “कोलकाता में 136 साल पुरानी गौरी जामा मस्जिद पर बुलडोजर कोलकाता एयरपोर्ट के पास स्थित 136 साल पुरानी गौरी जामा मस्जिद को कथित तौर पर तोड़े जाने का मामला बेहद गंभीर है। मस्जिद बचाने की गुहार लगाते लोगों के वीडियो सामने आए हैं। अगर धार्मिक स्थल को हटाकर वहां राम मंदिर बनाने की योजना है, तो सवाल उठता है कि कानून, अदालत और धार्मिक स्वतंत्रता का क्या होगा?इस देश मे लोकतंत्र खत्म हो चूका है? धर्म के नाम पर किसी भी धार्मिक स्थल को निशाना बनाना देश के सामाजिक ताने-बाने के लिए गंभीर चिंता का विषय है। वीडियो को जाएदा से जाएदा शेयर करें।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। 

वायरल वीडियो के बारे में जानने के लिए हमने ‘इनविड’ टूल की मदद से इसके कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें एक वीडियो ‘Times Of Bangladesh Channel’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 18 सितंबर 2026 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, बांग्लादेश के पाबना में नाबालिग बच्ची की हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने गिरफ्तार आरोपी के घर में तोड़फोड़ की।”

पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट बांग्लादेश की न्यूज वेबसाइट ‘Observerbd’ पर मिली। इस रिपोर्ट को 18 सितंबर 2026 को प्रकाशित किया गया था। इसके अनुसार, पाबना उपजिला के कुलुनिया गांव में 10 साल की एक नाबालिग बच्ची का शव तालाब में मिला था। पुलिस की कार्रवाई में बच्ची के पड़ोसी मुस्तफा प्रमाणिक और उसका किरायेदार यासीन अली आरोपी पाए गए। दोनों पर नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या का आरोप लगा था। घटना के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। 

‘Samakal’ की वेबसाइट पर 20 सितंबर 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, नाबालिग से बलात्कार और उसकी हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी मुस्तफा प्रमाणिक के तीन मंजिला मकान में दो दिनों तक गुस्साई भीड़ ने तोड़फोड़ किया। मकान के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दिए गए, साथ ही फर्नीचर भी लूट लिया गया। पुलिस की मौजूदगी में भीड़ ने यह तोड़फोड़ की थी। 

इस घटना की अधिक जानकारी के लिए हमने बांग्लादेश के ‘प्रबोस टाइम्स’ के रिपोर्टर मोहम्मद राफ्त से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो पाबना उपजिला का है। यहां 10 साल की एक बच्ची के साथ रेप और उसकी हत्या से गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर में घुसकर तोड़फोड़ की थी। इस वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है।

क्या है संदर्भ?

जुलाई 2026 में कोलकाता के एयरपोर्ट की जमीन पर मौजूद 136 साल पुरानी बांकरा मस्जिद में लोगों के प्रवेश करने और वहां नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी गई थी। एयरपोर्ट पर रनवे के विस्तार के लिए NSCBI ने शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू की थी। इस कारण मस्जिद में प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। इस मामले की पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है। हालांकि, हमें इस मस्जिद को तोड़े जाने की कोई भी न्यूज नहीं मिली।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को 8,600 से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को बिहार का रहने वाला बताया है। यूजर 31 दिसंबर 2021 से फेसबुक पर सक्रिय है। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बिल्डिंग में तोड़फोड़ करते लोगों के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो बांग्लादेश का है, जहां एक नाबालिग से रेप और उसकी हत्या से गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ कर दी थी। 

  • Claim Review : पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एयरपोर्ट पर बनी मस्जिद को लोगों ने तोड़ा।
  • Claimed By : FB User Mohammad Absar
  • Fact Check : झूठ

Our Sources

  1. Video posted by YT Chhenal Times Of Bangladesh, Dated 18 Sep 2026
  2. News Report by The Observerbd, Dated 18 Sep 2026
  3. News Report by The Samakal, Dated 20 Sep 2026
  4. News Report by NDTv, Dated 13 Jul 2026

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

Related Fact Check

  • Fact Check: जमुई छात्रा केस के दो और आरोपियों के एनकाउंटर का दावा झूठा, वायरल वीडियो मुजफ्फरनगर का है
  • Fact Check: जमुई मामले के आरोपियों को पीटने का नहीं है यह वीडियो, मध्य प्रदेश के बोरी केस से है संबंधित
  • Fact Check: दिल्ली पुलिस पर महिला पत्रकारों से मारपीट के दावे से शॉर्ट मूवी की क्लिप वायरल

टैग्स

  • Bangladesh News
  • Bangladesh viral video
  • Kolkata mosque viral video
  • rape-accused house video
  • West Bengal mosque demolition
  • West Bengal News
  • West Bengal Viral Video

अपनी प्रतिक्रिया दें

Next Article