सोफे पर अकेले बैठे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की वायरल तस्वीर एडिटेड है। ओरिजिनल तस्वीर में खरगे हैं ही नहीं। इसमें सिर्फ राहुल और प्रियंका गांधी मलेशिया के प्रधानमंत्री और अधिकारियों के साथ नाश्ता करते हुए दिख रहे हैं।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 17, 2026 at 04:08 PM
- Updated: Sep 17, 2026 at 04:10 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ब्रिक्स सम्मेलन 2026 में भाग लेने दिल्ली आए मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ नाश्ता करते हुए नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस फोटो में देखा जा सकता है कि एक टेबल पर राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम कुछ अधिकारियों के साथ बैठकर नाश्ता कर रहे हैं। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पीछे सोफे पर अकेले बैठे हुए हैं। इस फोटो को शेयर कर राहुल गांधी की आलोचना करते हुए दावा किया जा रहा है कि दलित होने के कारण उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे को पीछे बिठा दिया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में वायरल तस्वीर को एडिटेड पाया। असली फोटो में मल्लिकार्जुन खरगे मौजूद नहीं है और पीछे की तरफ मौजूद सोफा भी खाली है। एडिटिंग की मदद से तस्वीर को बदल दिया गया है और अब गलत दावे के साथ इसे वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘राष्ट्रवादी ब्राह्मण शरद द्विवेदी’ ने 17 सितंबर 2026 को वायरल तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “दिन-रात दलित-दलित चिल्लाने वाले राहुल गांधी के नाश्ते की टेबल पर दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए जगह ही नहीं है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें असली तस्वीर कांग्रेस के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। इस फोटो को 13 सितंबर 2026 को अपलोड किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने राहुल और प्रियंका गांधी से नाश्ते पर मुलाकात की थी।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर प्रकाशित मिली। इस रिपोर्ट को 13 सितंबर 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर दिल्ली में हुए ब्रिक्स 2026 में शामिल होने के लिए आए थे। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी से भी मुलाकात की थी। उन्होंने दिल्ली में दोनों के साथ नाश्ता किया था।
‘नवभारत टाइम्स’ ने भी मलेशिया के प्रधानमंत्री की राहुल और प्रियंका गांधी के साथ मुलाकात की एक रिपोर्ट 13 सितंबर 2026 को प्रकाशित की थी।
वायरल और मूल तस्वीर के बीच अंतर को नीचे दी गई तस्वीर में देखा जा सकता है।

फोटो में एआई का इस्तेमाल हुआ है या नहीं यह जानने के लिए हमने एआई डिटेक्शन टूल ‘Hive Moderation’ की मदद से सर्च किया। इस टूल ने तस्वीर में करीब 100 फीसदी तक एआई के इस्तेमाल होने की संभावना जताई।

हमने दूसरे टूल Faux Lens की मदद से भी फोटो को सर्च किया। इस टूल ने भी फोटो में एआई के इस्तेमाल के संकेत दिए।

अधिक जानकारी के लिए हमने कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे से संपर्क किया। हमने वायरल तस्वीर को उनके साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। फोटो को एआई की मदद से बनाया गया है और गलत तरीके से शेयर किया जा रहा है।
क्या है संदर्भ?
राहुल गांधी दलितों के मुद्दों पर काफी समय से चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने अगस्त 2026 में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दलितों के मुद्दे उठाए थे। उन्होंने देश में दलितों के साथ होने वाले भेदभाव को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर कटाक्ष भी किया था। उन्होंने कहा था कि देश में अभी भी दलितों के साथ अत्याचार हो रहे हैं और चाय की दुकानों तक पर दलितों के लिए अलग कप रखे जाते हैं। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ें।
18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया गया था। यह शिखर सम्मेलन 12 से 13 सितंबर तक चला था। कई देशों के बड़े नेता इस शिखर सम्मेलन का हिस्सा बनने के लिए भारत आए थे। भारत ने चौथी बार इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी की थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को फेसबुक पर करीब दो हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को गुरुग्राम का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सोफे पर अकेले बैठे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की वायरल तस्वीर एडिटेड है। ओरिजिनल तस्वीर में खरगे हैं ही नहीं। इसमें सिर्फ राहुल और प्रियंका गांधी मलेशिया के प्रधानमंत्री और अधिकारियों के साथ नाश्ता करते हुए दिख रहे हैं।
- Claim Review : राहुल गांधी ने नाश्ते की टेबल पर मल्लिकार्जुन खरगे को जगह नहीं दी।
- Claimed By : FB User राष्ट्रवादी ब्राह्मण शरद द्विवेदी
- Fact Check : झूठ
Our Sources
- Picture posted by X Handle INCIndia, Dated 13 Sep 2026
- News Report by Dainik Jagran, Dated 13 Sep 2026
- News Report by NBT, Dated 13 Sep 2026
- AI Detection Tool Hive Moderation
- AI Detection Tool Faux Lens
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
Related Fact Check
- Fact Check: पटना के स्कूल में छात्राओं के स्वागत गान का एडिटेड वीडियो वायरल, शराब के गिलास का दावा भी झूठा
- Fact check: राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा का पुराना वीडियो अभी का बताकर किया गया वायरल
- Fact Check: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के सामने झुकते पीएम मोदी का वायरल वीडियो AI निर्मित है
टैग्स
- BRICS 2026
- INC president Viral Photo
- Mallikarjun Kharge News
- Mallikarjun Kharge Viral Breakfast Photo
- Rahul Gandhi Breakfast
- rahul gandhi news
- Viral Photo
अपनी प्रतिक्रिया दें
Next Article
