August 19, 2026

Fact Check: पीएम मोदी ने नहीं किया राष्ट्रगान का अपमान, पुराने वीडियो में अलग से जोड़ा गया राष्ट्रगान

जांच में वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। बिहार के सिवान में पीएम मोदी के 2025 के एक कार्यक्रम के वीडियो में राष्ट्रगान को अलग से जोड़कर झूठे दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिखाया गया है कि बैकग्राउंड में भारत का राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ बज रहा है और पीएम हाथ जोड़कर मंच पर नेताओं से मिल रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रगान का अनादर किया है।

विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल वीडियो की जांच की। हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो फेक है। दरअसल, पीएम मोदी के एक पुराने वीडियो में अलग से राष्ट्रगान जोड़कर वायरल क्लिप तैयार की गई है। असली वीडियो जून 2025 का है, जब प्रधानमंत्री बिहार के सिवान में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Raman Sharma’ ने 18 अगस्त 2026 को एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “भारत के राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ का अनादर क्या भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया? अमित शाह को इस पर बयान देना चाहिए। 140 करोड़ जनता माफ़ नहीं करेगी।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच करने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें असली वीडियो नरेंद्र मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। इसे 21 जून 2025 को अपलोड किया गया था।

असली वीडियो में वायरल क्लिप वाले हिस्से को भी देखा जा सकता है। वीडियो के कैप्शन के अनुसार, यह बिहार के सिवान का वीडियो है। प्रधानमंत्री मोदी वहां एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस वीडियो में राष्ट्रगान नहीं बज रहा है। पीएम मोदी मंच पर मौजूद नेताओं के अलावा मैदान में मौजूद जनता का अभिवादन कर रहे थे।

इस जनसभा का पूरा वीडियो नरेंद्र मोदी के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। इसे 20 जून 2025 को लाइव किया गया था। वीडियो में प्रधानमंत्री को वही कपड़े पहने हुए देखा जा सकता है, जो वायरल वीडियो में दिख रहा है। इस वीडियो में हमें वह हिस्सा भी दूसरे एंगल से मिला, जिसके साथ छेड़छाड़ करके वायरल किया गया है। असली वीडियो बिहार के सिवान में आयोजित एक जनसभा का है।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कीवर्ड सर्च का इस्तेमाल किया। इसके लिए कुछ कीवर्ड बनाकर गूगल ओपन सर्च टूल की मदद से सर्च किया गया। हमें कई न्यूज वेबसाइटों और यूट्यूब चैनलों पर सिवान में मोदी के दौरे से जुड़ी पुरानी खबरें और वीडियो मिले। ‘भास्कर डॉट कॉम’ पर 20 जून 2025 को प्रकाशित एक खबर में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिवान के जसौली में एक सभा को संबोधित किया था। साथ में करीब 10 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया गया था।

विश्वास न्यूज से बातचीत में भाजपा के प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री ने वायरल वीडियो को फेक बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के पुराने वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके उसमें अलग से राष्ट्रगान जोड़ा गया है।

क्या है संदर्भ?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर 15 अगस्त 2026 को 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। उन्होंने देश को संबोधित करते हुए भारत की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य के विजन पर प्रकाश डाला था। इसे ‘पीएमओ इंडिया’ के यूट्यूब चैनल पर यहां देखा जा सकता है।

दूसरी ओर, कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा फहराते हुए ‘वंदे मातरम’ भी गाया गया था। हालांकि, यह समारोह तब विवादों में आ गया, जब कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उन्हें वंदे मातरम गायन के बीच में कथित रूप से कुछ इशारा करते हुए देखा गया। इसके बाद भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया कि सोनिया गांधी वंदे मातरम को रोकने का इशारा कर रही थीं। वहीं, कांग्रेस ने इस आरोप को खारिज करते हुए दावा किया कि सोनिया गांधी कांग्रेस के बुजुर्ग अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी मंगवा रही थीं। कांग्रेस के एक्स हैंडल पर 15 अगस्त के इस कार्यक्रम को लाइव दिखाया गया था। इसे यहां देखा जा सकता है। वीडियो में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को देखा जा सकता है।

इस पूरे विवाद पर ‘जागरण डॉट कॉम’ की 18 अगस्त 2026 को प्रकाशित खबर को भी पढ़ा जा सकता है।

जांच के अंत में फेक एडिटेड वीडियो शेयर करने वाले यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। सोशल स्कैनिंग में पता चला कि फेसबुक यूजर ‘रमन शर्मा’ को 12 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट मई 2009 में बनाया गया था। यूजर हरियाणा के गुरुग्राम में रहता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। बिहार के सिवान में पीएम मोदी के 2025 के एक कार्यक्रम के वीडियो में राष्ट्रगान को अलग से जोड़कर झूठे दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। पीएम मोदी जब मंच पर चल रहे थे, उस दौरान राष्ट्रगान नहीं बज रहा था।

  • Claim Review : राष्ट्रगान के दौरान पीएम इसका अपमान करते हुए मंच पर चलते नजर आए।
  • Claimed By : FB User Raman Sharma
  • Fact Check : झूठ

Our Sources

  1. Video of Narendra Modi Youtube Channel, Dated 21 Jun 2025 
  2. Video of Narendra Modi Youtube Channel, Dated 20 Jun 2025 
  3. News Report of Bhaskar.com, Dated 20 Jun 2025 
  4. Video of PMO Youtube Channel, Dated 15 Aug 2026 
  5. Video of Congress X Handle, Dated 15 Aug 2026 
  6. News Report of Jagran.com, Dated 18 Aug 2026 

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

Related Fact Check

  • Fact Check: कार्यक्रम के दौरान कंगना रनौत पर हमले का दावा फेक, वीडियो मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर का है
  • Fact Check: कांग्रेस के कार्यक्रम में जॉर्जिया मेलोनी पर संदीप दीक्षित की टिप्पणी के बाद इटली के दूतावास का फर्जी लेटर वायरल
  • Fact Check: नोएडा एयरपोर्ट के पार्किंग वाले सबवे में भरा था पानी, लेकिन टर्मिनल के अंदर का वायरल वीडियो AI-जनरेटेड है

टैग्स

  • PM Modi
  • PM Modi National Anthem News
  • viral video

अपनी प्रतिक्रिया दें