September 8, 2026

Exclusive: तानिया चटर्जी ने तोड़ी चुप्पी, पहली बार बताया युजवेंद्र चहल के नोटिस का अमाउंट, दिया करारा जवाब

Time Updated: Tuesday, September 8, 2026, 20:55 [IST]

भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और एक्ट्रेस तानिया चटर्जी के बीच आईपीएल 2026 के दौरान एक विवाद शुरू हुआ था। एक इंटरव्यू में तानिया ने चहल द्वारा भेजे गए इंस्टाग्राम मैसेज का खुलासा कर दिया था। उसके बाद बेइज्जती होते देख चहल की टीम ने तानिया को मानहानि का नोटिस भेज दिया था।

उस समय तानिया ने बताया था कि चहल की तरफ से उन्हें मानहानि का नोटिस मिला है लेकिन नोटिस में कितनी रकम की मांग की गई थी, यह उन्होंने सार्वजनिक नहीं किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि मैं नोटिस से नहीं डरती हूं, वापस जवाब दिया जाएगा। अब उस मामले पर एक नई जानकारी सामने आई है।

Taniya Chatterjee

पहली बार तानिया मुखर्जी ने युजवेंद्र चहल द्वारा भेजे गए नोटिस की रकम का खुलासा कर दिया है। नोटिस में मेंशन धन राशि से अंदाजा लगाया जा सकता है कि चहल की टीम ने किस तरह तानिया के ऊपर दबाव बनाने का प्रयास किया था।

कितने करोड़ का आया था नोटिस?

वनइंडिया के साथ खास बातचीत में तानिया ने कहा "युजवेंद्र चहल की तरफ से मुझे 5 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया था। उस समय मेरे वकील ने रकम या कानूनी कार्रवाई से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक तौर पर साझा नहीं करने की सलाह दी थी। इस वजह से मैंने कुछ नहीं बोला था। बाद में मेरी तरफ से भी जवाब दिया गया।

तानिया ने बताया "मैं भी इस मामले पर चुप नहीं बैठी थीं। मैंने भी अपने वकील से बात की और चहल के नोटिस का जवाब उसी अंदाज में दिया गया। मेरे वकील ने क्रिकेटर को 5 करोड़ रुपये का नोटिस भेजा। जिस तरह से पूरे मामले में मेरे बारे में बातें और चर्चा हुई, उसमें मुझे झूठ बताया जा रहा था। इससे मेरी भी मानहानि हो रही थी, इसलिए मेरे वकील की तरफ से उतनी ही राशि का नोटिस वापस भेज दिया गया। इसके बाद युजवेंद्र चहल की तरफ से कोई जवाब नहीं आया।"

चहल को लेकर नहीं है कोई शिकायत

इतने बड़े विवाद के बावजूद तानिया का कहना है कि उनके मन में चहल के प्रति कोई हार्ड फीलिंग्स या शिकायत नहीं है। उन्होंने साफ किया कि वह अब अपने काम पर ध्यान दे रही हैं और इस विवाद से आगे बढ़कर अपने प्रोजेक्ट्स पर फोकस करना चाहती हैं।

तानिया किन प्रोजेक्ट्स पर कर रही काम

तानिया ने अपने मौजूदा प्रोजेक्ट्स के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि एरोज नाउ का हाय-हाय गाना रिलीज हो चुका है, जिसके बाद उनका 'कयामत' गाना आया। इसके अलावा वह एक मराठी फिल्म में आइटम नंबर भी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि कुछ और प्रोजेक्ट्स पर भी काम चल रहा है लेकिन फिलहाल उनके बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर सकतीं।

आखिर कैसे शुरू हुआ था विवाद?

आईपीएल के दौरान तानिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने दावा किया था कि युजवेंद्र चहल ने उन्हें इंस्टाग्राम पर मैसेज किया था और उन्हें क्यूट कहा था। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर काफी चर्चा हुई और मामला तेजी से बढ़ गया। बाद में तानिया ने बताया था कि चहल की तरफ से मानहानि की कार्रवाई की गई है।

उस वक्त तानिया ने यह भी कहा था कि उनका मकसद चहल की छवि खराब करना नहीं था। उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने सिर्फ उस मैसेज को शेयर किया था और उन्हें नहीं लगा था कि मामला इतना बड़ा हो जाएगा। उस समय आईपीएल चल रहा था और चहल काफी एक्टिव थे, इस वजह से आनन-फानन में चहल की टीम ने तानिया को नोटिस भेज दिया था। आईपीएल के दौरान वनइंडिया ने पंजाब किंग्स का पीआर देखने वाली टीम से इस बारे में बात करना चाहा था लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं आया था।