September 9, 2026

EV Scooter: काइनेटिक DX और DX+ स्कूटर हुए अपडेट, जानें कीमत, रेंज और फीचर - Haribhoomi

EV Scooter: भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटरों की मांग लगातार बढ़ रही है और इसी बीच Kinetic ने अपने लोकप्रिय DX नाम को नए इलेक्ट्रिक अवतार में अपडेट किया है। नए Kinetic DX और DX+ में बेहतर बैटरी, लंबी रेंज और आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं।

Kinetic DX Plus

काइनेटिक DX और DX+ स्कूटर अपडेट

  • Published: 09 Sep 2026, 07:07 PM IST
  • Last Updated: 09 Sep 2026, 07:07 PM IST

EV Scooter: भारतीय सड़कों पर अपनी अलग पहचान बनाने वाले Kinetic DX ने अब नए इलेक्ट्रिक अवतार में वापसी की है। काइनेटिक ने DX और DX+ के अपडेटेड मॉडल पेश किए हैं। नए स्कूटरों में डिजाइन को काफी हद तक पुराने मॉडल जैसा रखा गया है, जबकि बैटरी, मोटर और टेक्नोलॉजी के स्तर पर कई अहम बदलाव किए गए हैं। खासतौर पर Kinetic DX+ में बड़ी LFP बैटरी दी गई है, जिससे इसकी रेंज पहले से बेहतर हुई है।

3.1 kWh बैटरी के साथ 132 किमी तक रेंज
Kinetic DX+ की सबसे बड़ी खासियत इसकी 3.1 kWh LFP बैटरी है। कंपनी के अनुसार, यह बैटरी एक बार फुल चार्ज होने पर 132 किलोमीटर तक की सर्टिफाइड IDC रेंज देने में सक्षम है। वहीं, रोजमर्रा की परिस्थितियों में इसकी वास्तविक रेंज करीब 105-110 किलोमीटर तक रहने का दावा किया गया है।

बैटरी को 3.8 kW की अधिकतम पावर वाले हब BLDC मोटर से जोड़ा गया है। कंपनी के मुताबिक, यह सेटअप खास तौर पर शहर में रोजाना आने-जाने के लिए बेहतर परफॉर्मेंस और भरोसेमंद राइडिंग अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है।

K-Coast Tech और दो राइडिंग मोड
स्कूटर में K-Coast Tech तकनीक दी गई है। यह ब्रेक लगाने या स्कूटर की रफ्तार कम करने के दौरान ऊर्जा को रिकवर कर उसे दोबारा बैटरी में भेजने में मदद करती है। इसके अलावा इसमें रेंज और पावर नाम से दो राइडिंग मोड दिए गए हैं, जिन्हें जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल किया जा सकता है।

करीब 3 घंटे में 80% चार्ज
Kinetic DX+ में Easy Charge सुविधा दी गई है। कंपनी का दावा है कि इसकी बैटरी 0 से 80 प्रतिशत तक करीब 3 घंटे में चार्ज हो सकती है। स्कूटर में Park Assist के साथ रिवर्स फंक्शन भी दिया गया है, जिससे तंग जगहों पर इसे पार्क करने या बाहर निकालने में आसानी होती है।

स्टोरेज की बात करें तो इसमें 37 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज मिलता है। स्कूटर को IP67 रेटिंग भी दी गई है, जो इसे धूल और पानी से बेहतर सुरक्षा प्रदान करती है।

ब्रेक और हार्डवेयर
Kinetic DX+ में 165 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है। ब्रेकिंग के लिए आगे 220 mm डिस्क ब्रेक और पीछे 130 mm ड्रम ब्रेक दिया गया है। स्कूटर में 12-इंच के ट्यूबलेस टायर और 1,315 mm का व्हीलबेस मिलता है।

पुराने डिजाइन के साथ आधुनिक तकनीक
नए Kinetic DX+ में कंपनी ने पुराने DX की डिजाइन पहचान को बरकरार रखा है। स्कूटर में ऑल-मेटल बॉडी दी गई है, जिससे इसका रेट्रो लुक बना रहता है। हालांकि, इसके अंदर आधुनिक इलेक्ट्रिक पावरट्रेन और नई तकनीक को शामिल किया गया है।

Kinetic DX और DX+ की कीमत
Kinetic ने DX रेंज को दो मॉडल में पेश किया है:
Kinetic DX 3 kWh: ₹1,18,599 (एक्स-शोरूम)
Kinetic DX+ 3.1 kWh: ₹1,27,650 (एक्स-शोरूम)

कंपनी की ओर से ग्राहकों के लिए फेस्टिव ऑफर भी पेश किया गया है। इसके तहत DX पर ₹2,000 और DX+ पर ₹3,000 का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा DX+ के साथ ₹8,999 की एक्सटेंडेड वारंटी, ₹5,000 का Amazon कैशबैक और ₹5,000 का PM E-DRIVE बेनिफिट भी उपलब्ध है।

पांच रंगों में उपलब्ध होगा DX+
Kinetic DX+ 3.1 kWh को ब्लैक, सिल्वर, ब्लू, व्हाइट और रेड समेत पांच रंगों में खरीदा जा सकेगा। वहीं, DX 3 kWh को ब्लैक और सिल्वर रंगों में पेश किया गया है।

कंपनी ने नए इलेक्ट्रिक स्कूटरों में Kinetic DX की पुरानी पहचान को बरकरार रखते हुए ज्यादा रेंज, बेहतर इलेक्ट्रिक तकनीक और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए उपयोगी फीचर्स को शामिल किया है। ऐसे में नया DX+ उन ग्राहकों के लिए आकर्षक विकल्प हो सकता है, जो रेट्रो डिजाइन के साथ आधुनिक इलेक्ट्रिक स्कूटर की तलाश में हैं।

(मंजू कुमारी)