SUV Comparison: किआ सिरोस EV का इसका सीधा मुकाबला एमजी विंडसर EV से है। दोनों ही इलेक्ट्रिक SUVs आकर्षक डिजाइन, आधुनिक फीचर्स और बेहतर ड्राइविंग रेंज के साथ आती हैं।
किआ सिरोस या एमजी विंडसर कौन है बेस्ट
- Published: 31 Jul 2026, 07:11 PM IST
- Last Updated: 31 Jul 2026, 07:11 PM IST
SUV Comparison: भारतीय इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में Kia Syros EV की एंट्री के बाद इसका मुकाबला सीधे MG Windsor EV से हो गया है। दोनों ही इलेक्ट्रिक SUVs आधुनिक फीचर्स, लंबी ड्राइविंग रेंज और आकर्षक कीमत के साथ आती हैं। ऐसे में अगर आप नई इलेक्ट्रिक SUV खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आइए जानते हैं कि फीचर्स, बैटरी, रेंज और कीमत के मामले में कौन-सा विकल्प आपके लिए ज्यादा बेहतर साबित हो सकता है।
फीचर्स में कौन आगे?
Kia Syros EV में LED हेडलाइट्स, LED DRLs, LED फॉग लैंप, टाइगर फेस फ्रंट ग्रिल, 17-इंच अलॉय व्हील्स, रूफ रेल्स और स्किड प्लेट जैसे एक्सटीरियर फीचर्स दिए गए हैं। केबिन में 30-इंच ट्रिनिटी डिस्प्ले, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, 8-स्पीकर Harman Kardon ऑडियो सिस्टम, वायरलेस फोन चार्जर, वेंटिलेटेड सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ, डैशकैम, 16-लीटर फ्रंक, 360-डिग्री कैमरा, क्रूज कंट्रोल और Level-2 ADAS जैसे एडवांस फीचर्स मिलते हैं।
वहीं MG Windsor EV में LED प्रोजेक्टर हेडलैंप, LED DRLs, 17 और 18-इंच व्हील्स, फ्लश डोर हैंडल, ग्लास एंटीना और क्रोम फिनिश विंडो बेल्टलाइन दी गई है। इंटीरियर में प्रीमियम लेदर फिनिश, एम्बिएंट लाइटिंग, रियर AC वेंट्स, PM 2.5 एयर फिल्टर, 8.8-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 15.6-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, 6 या 9-स्पीकर Infinity ऑडियो सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, एयरो लाउंज सीट्स, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 6-वे पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, वायरलेस चार्जिंग और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
बैटरी और रेंज
Kia Syros EV को दो बैटरी विकल्पों—42 kWh और 51.4 kWh—के साथ पेश किया गया है। बड़ी बैटरी के साथ यह इलेक्ट्रिक SUV 526 किलोमीटर तक की दावा की गई रेंज देती है। इसकी इलेक्ट्रिक मोटर 171 PS की अधिकतम पावर जनरेट करती है।
दूसरी ओर, MG Windsor EV में 38 kWh और 52.9 kWh बैटरी पैक का विकल्प मिलता है। इसकी इलेक्ट्रिक मोटर 136 PS की पावर और 200 Nm का टॉर्क देती है। कंपनी के अनुसार, यह SUV बैटरी विकल्प के आधार पर 331 किलोमीटर और 449 किलोमीटर तक की रेंज देती है। 0 से 100 प्रतिशत चार्ज होने में लगभग 13.8 घंटे का समय लगता है, जबकि DC फास्ट चार्जर से बैटरी 55 मिनट में 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज की जा सकती है।
कीमत
Kia Syros EV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 13.49 लाख रुपये है, जबकि इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 20 लाख रुपये तक जाती है। कंपनी ने इसकी डिलीवरी 30 जुलाई से शुरू करने की घोषणा की है।
वहीं MG Windsor EV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 14.70 लाख रुपये है और इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 19 लाख रुपये रखी गई है।
कौन-सी EV खरीदना बेहतर विकल्प?
अगर आपकी प्राथमिकता ज्यादा ड्राइविंग रेंज, अधिक पावर और लेटेस्ट टेक्नोलॉजी है, तो Kia Syros EV बेहतर विकल्प साबित हो सकती है। वहीं, यदि आप प्रीमियम केबिन, आरामदायक सीटिंग और स्थापित इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म वाली SUV चाहते हैं, तो MG Windsor EV भी एक मजबूत विकल्प है। अंतिम फैसला आपके बजट, फीचर प्राथमिकताओं और ड्राइविंग जरूरतों पर निर्भर करेगा।
(मंजू कुमारी)