August 13, 2026

EV Charging: इलेक्ट्रिक व्हीकल खरीदते ही मिलेगा 51 हजार चार्जिंग क्रेडिट, जानिए कैसे? - Haribhoomi

EV Charging: चार्ज जोन और लैंडमार्क कार्स की साझेदारी से ईवी ग्राहकों को बड़ा तोहफा मिला है। नए EV खरीदारों को 9 सितंबर तक चार्जिंग क्रेडिट का लाभ मिलेगा।

EV Charging

चार्ज जोन और लैंडमार्क कार्स की साझेदारी

  • Published: 13 Aug 2026, 07:14 PM IST
  • Last Updated: 13 Aug 2026, 07:14 PM IST

EV Charging: इलेक्ट्रिक व्हीकल यानी EV खरीदने वाले ग्राहकों के लिए अच्छी खबर है। चार्ज जोन ने लैंडमार्क कार्स  के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत  लैंडमार्क कार्स की किसी भी डीलरशिप से इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को चार्ज जोन के देशभर में मौजूद फास्ट चार्जिंग नेटवर्क पर खास लाभ मिलेगा।

यह कार्यक्रम 9 सितंबर 2026 से शुरू किया जाएगा। खास बात यह है कि इसकी शुरुआत World EV Day के मौके पर होगी। कंपनियों के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य EV खरीदने के साथ ही ग्राहकों को सुविधाजनक चार्जिंग नेटवर्क से जोड़ना है।

EV खरीदारों को मिलेंगे 51,000 चार्जिंग क्रेडिट
इस साझेदारी के तहत  लैंडमार्क कार्स की डीलरशिप से EV खरीदने वाले ग्राहकों को एक खास रेफरल कोड दिया जाएगा। इस कोड के जरिए ग्राहक चार्ज जोन के नेटवर्क से जुड़ सकेंगे और उन्हें 51,000 चार्जिंग क्रेडिट का लाभ मिलेगा।

कंपनियों का कहना है कि इस पहल से सार्वजनिक चार्जिंग को EV खरीदने के बाद की अलग जरूरत के बजाय वाहन खरीदने की प्रक्रिया का ही हिस्सा बनाया जा सकेगा। इससे नए EV मालिकों के लिए चार्जिंग को लेकर शुरुआती परेशानी कम करने में मदद मिलेगी।

32 शहरों की 140 डीलरशिप तक पहुंचेगी सुविधा
यह  लैंडमार्क कार्स के देशभर में फैले डीलरशिप नेटवर्क को कवर करेगी। कंपनी की 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 32 शहरों में 140 डीलरशिप हैं।

इस पहल के जरिए EV की बिक्री और चार्जिंग सुविधा को सीधे जोड़ा जाएगा। ग्राहकों को इलेक्ट्रिक वाहन खरीदते समय ही चार्जिंग नेटवर्क का लाभ मिल सकेगा।

चार्ज जोन के 15,000 से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट
चार्ज जोन के मुताबिक, उसका नेटवर्क देशभर में 15,000 से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट तक पहुंच चुका है। कंपनी शहरों के साथ-साथ प्रमुख हाईवे पर भी चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार कर रही है।

कंपनी का उद्देश्य EV मालिकों के लिए चार्जिंग को ज्यादा आसान और सुविधाजनक बनाना है। इसके लिए चार्जजोन वाहन निर्माताओं, मोबिलिटी कंपनियों और अन्य पार्टनर्स के साथ लगातार साझेदारी कर रही है।

Tata.ev से BMW तक के साथ साझेदारी
चार्ज जोन ने EV चार्जिंग इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए कई प्रमुख कंपनियों के साथ साझेदारी की है। इनमें Tata.ev, Hyundai, Volvo, Mercedes-Benz, BMW और VinFast समेत कई कंपनियां शामिल हैं।

EV इस्तेमाल को आसान बनाने पर जोर
चार्ज जोन के संस्थापक और CEO कार्तिकेय हरियानी ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए केवल चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना पर्याप्त नहीं है। ग्राहकों को EV इस्तेमाल के अलग-अलग चरणों में चार्जिंग सुविधा आसानी से उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

वहीं, लैंडमार्क कार्स के कार्यकारी निदेशक Aryaman Thakker ने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर बदलाव केवल वाहन खरीदने तक सीमित नहीं है। इसके लिए एक मजबूत और भरोसेमंद इकोसिस्टम की जरूरत होती है। उनके मुताबिक, चार्ज जोन के साथ यह साझेदारी ग्राहकों के लिए भरोसेमंद चार्जिंग सुविधा को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

(मंजू कुमारी)