August 29, 2026

ETPL में रविचंद्रन अश्विन पर बरसे चौके-छक्के, कप्तान ने 4 ओवर में ही लुटा दिए इतने रन

ETPL में रविचंद्रन अश्विन पर बरसे चौके-छक्के, कप्तान ने 4 ओवर में ही लुटा दिए इतने रन

Ravichandran Ashwin EtplImage Credit source: ETPL

यूरोप में शुरू हुई नई टी20 लीग, ETPL में कई दिग्गज क्रिकेटर एक साथ अपना कमाल दिखा रहे हैं. मगर भारतीय फैंस के लिए इस लीग का सबसे बड़ा आकर्षण है डब्लिन गार्डियन्स टीम, जिसके मालिक पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ हैं. वहीं टीम की कप्तानी पूर्व ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन कर रहे हैं. मगर इस टीम की शुरुआत अच्छी नहीं हुई है. पहले ही मैच में टीम को करारी हार मिली और अब दूसरे मैच में टीम के कप्तान रविचंद्रन अश्विन खुद अपनी बॉलिंग से कमाल दिखाने में नाकाम रहे.

नीदरलैंड के द हेग में ETPL 2026 के पहले फेज के मुकाबले हो रहे हैं. इसमें शनिवार 29 अगस्त के पहले मैच में ग्लासगो कॉस्मिक और डब्लिन गार्डियन्स आमने-सामने थे. ग्लासगो ने पहले बैटिंग की और 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रन का दमदार स्कोर खड़ा किया. ग्लासगो के लिए विस्फोटक इंग्लिश ओपनर जेसन रॉय ने 37 गेंदों में 60 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल था. वहीं रिची बैरिंग्टन ने 27 गेंदों में ही 51 रन कूट दिए जिसमें 4 छक्के उड़ाए.

अश्विन पर खूब पड़े रन

डब्लिन के लिए क्रिस वुड और मैट होलार्ड के पेस बॉलिंग अटैक ने दमदार गेंदबाजी की और मिलकर 3 विकेट लिए. मगर कप्तान रविचंद्रन अश्विन इस मैच में अपनी बॉलिंग से कोई असर नहीं डाल सके. अश्विन की शुरुआत ही खराब रही और उनके पहले ओवर का आगाज चौके, छक्के और चौके से हुआ. इसके बाद भी उन पर रन बरसते रहे. हालांकि उन्होंने अपने दूसरे ही ओवर में एक विकेट भी लिया लेकिन रनों की बारिश नहीं रोक सके. कुल मिलाकर अपने 4 ओवर में अश्विन ने सबसे ज्यादा 43 रन खर्चे, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल थे.

टीम के मेंटॉर और कप्तान

हालांकि, अश्विन का पहला मैच काफी अच्छा रहा था, जिसमें उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन दिए थे और 1 विकेट लिया था. इसके बावजूद उनकी टीम जीत हासिल करने में नाकाम रही थी. आपको बता दें कि अश्विन सिर्फ कप्तान ही नहीं बल्कि टीम के मेंटॉर भी हैं.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button