July 11, 2026

Ethanol Bike: यामाहा की पहली फ्लेक्स फ्यूल बाइक FZ Blue Flex लॉन्च, जानें कीमत और फीचर - Haribhoomi

Ethanol Bike: यामाहा की पहली फ्लेक्स फ्यूल FZ Blue Flex मोटरसाइकिल E20 से लेकर E85 तक के एथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चल सकती है। इसकी शुरुआती कीमत 24 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।

Yamaha FZ Blue Flex

यामाहा की पहली फ्लेक्स फ्यूल बाइक FZ Blue Flex लॉन्च

  • Published: 11 Jul 2026, 08:52 PM IST
  • Last Updated: 11 Jul 2026, 08:52 PM IST

Ethanol Bike: यामाहा ने भारतीय बाजार में अपनी नई FZ Blue Flex मोटरसाइकिल लॉन्च कर दी है। यह FZ सीरीज का फ्लेक्स-फ्यूल कंपैटिबल मॉडल है, जो E20 से लेकर E85 तक के एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन पर चलने में सक्षम है। इस लॉन्च के साथ Yamaha भारत के Flex Fuel टू-व्हीलर सेगमेंट में कदम रखने वाली नई कंपनी बन गई है। इससे पहले Suzuki अपनी Gixxer SF 250 FFV और Hero अपनी Splendor व HF Deluxe के फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल्स पेश कर चुकी है।

149cc इंजन, लेकिन पावर में हल्की कमी
नई FZ Blue Flex में 149cc का एयर-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो मौजूदा FZ मॉडल्स में भी इस्तेमाल किया जाता है। यह इंजन 7,250rpm पर 11.7hp की अधिकतम पावर और 6,000rpm पर 12.8Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। हालांकि, स्टैंडर्ड FZ के मुकाबले इसमें 0.7hp कम पावर और 0.5Nm कम टॉर्क मिलता है।

डिजाइन और फीचर्स
डिजाइन की बात करें तो FZ Blue Flex में पिछले साल लॉन्च हुई FZ Rave की तरह LED हेडलाइट दी गई है। इसके अलावा बाइक में वही मस्कुलर फ्यूल टैंक, फॉक्स एयर वेंट्स और सिंगल-पीस सीट मिलती है। सस्पेंशन के लिए फ्रंट में टेलीस्कोपिक फोर्क और रियर में मोनोशॉक दिया गया है, जबकि ट्रांसमिशन के लिए 5-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। बाइक में पहले की तरह सिंगल-चैनल ABS भी दिया गया है।

ब्रेकिंग सिस्टम और डिस्प्ले
FZ Blue Flex के फ्रंट और रियर दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक दिए गए हैं, जो Bosch के एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) के साथ काम करते हैं। बाइक में LCD डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है, जिसमें स्पीडोमीटर, टैकोमीटर, फ्यूल गेज और अन्य जरूरी जानकारी दिखाई देती है। इसके अलावा इसमें साइड-स्टैंड इंजन कट-ऑफ स्विच, 140mm चौड़ा रियर रेडियल टायर और इंजन काउल जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।

कीमत और उपलब्धता
Yamaha FZ Blue Flex को फिलहाल Metallic Black कलर ऑप्शन में लॉन्च किया गया है। शुरुआती चरण में इसकी बिक्री दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में की जाएगी। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.24 लाख रुपये रखी गई है। इस कीमत के साथ यह बाइक Yamaha की 9 मॉडल्स वाली FZ लाइनअप के लगभग मध्य में अपनी जगह बनाती है।

(मंजू कुमारी)