September 22, 2026

ENG vs SL: जो रूट को रोकने में कामयाब श्रीलंका का नया गेंदबाज, 8 साल बाद मिली सफलता

ENG vs SL: जो रूट को रोकने में कामयाब श्रीलंका का नया गेंदबाज, 8 साल बाद मिली सफलता

सचिंदु ने रूट को अपना पहला शिकार बनायाImage Credit source: Getty Images

इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज पूरी तरह एकतरफा रही. मेजबान इंग्लैंड ने अपनी विस्फोटक बैटिंग और घातक गेंदबाजी के दम पर श्रीलंका को 3-0 से रौंद दिया. अब दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज का आगाज हो चुका है और इसके पहले ही मैच में कुछ ऐसा हुआ, जो बीते 8 साल से नहीं हो सका था. चेस्टर-ले-स्ट्रीट में सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट अर्धशतक से चूक गए और इस तरह 8 साल बाद किसी श्रीलंकाई गेंदबाज ने उन्हें 50 से कम के स्कोर पर आउट किया.

मंगलवार 22 सितंबर को खेले गए इस मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड ने तीसरे ओवर में ही ओपनर टॉम बैंटन का विकेट गंवा दिया था. फिर तीसरे नंबर पर जो रूट की एंट्री हुई, जिन्होंने वनडे फॉर्मेट में अपनी हालिया फॉर्म को जारी रखते हुए अच्छी शुरुआत की और जल्द ही 40 रन का आंकड़ा पार कर दिया, जबकि टीम को भी 100 रन के पार पहुंचा दिया.

रूट को 8 साल बाद रोकने में कामयाब

मगर जब लग रहा था कि रूट एक बार फिर श्रीलंका के खिलाफ 50 रन पूरे करेंगे, तभी श्रीलंका के नए लेग स्पिनर सचिंदु कोलंबागे ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया. रूट 52 गेंदों में 44 रन बनाकर पवेलियन लौटे. ये विकेट इसलिए खास था क्योंकि 28 साल के सचिंदु इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू कर रहे थे और उन्होंने जो रूट को ही अपना पहला शिकार बनाया.

मगर सचिंदु की ये उपलब्धि इसलिए भी खास थी क्योंकि पूरे 8 साल बाद श्रीलंका का कोई गेंदबाज वनडे क्रिकेट में जो रूट को अर्धशतक से पहले आउट कर सका था. इस मैच से पहले 2018 में दुष्मंता चमीरा ने रूट को सिर्फ 10 रन पर आउट किया था. इसके बाद अगले 7 में से 6 मैच में श्रीलंका जो रूट ने 5 अर्धशतक और 1 शतक लगाया और उसके बाद ही श्रीलंकाई गेंदबाज उन्हें आउट कर सके. सिर्फ एक बार रूट सिर्फ 3 रन पर आउट हुए थे लेकिन तब वो रन आउट हुए थे.

इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि

मगर इससे पहले खुद रूट ने भी कुछ उपलब्धियां अपने नाम कीं. वनडे क्रिकेट में ये लगातार 7वीं पारी थी, जिसमें रूट ने 40 रन या उससे ज्यादा का स्कोर किया. इंग्लैंड का कोई भी अन्य बल्लेबाज आज तक ऐसा नहीं कर सका है. वहीं इस पारी के दौरान रूट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 23 हजार रन भी पूरे किए और ऐसा करने वाले इंग्लैंड के पहले और दुनिया के 8वें बल्लेबाज बने.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button