
इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने पाकिस्तान को ध्वस्त कर दियाImage Credit source: Getty Images
तीन दिन भी पूरे नहीं हुए और हवा में उड़ रही पाकिस्तानी टीम जमीन पर आ गई. वेस्टइंडीज के खिलाफ एक दमदार जीत दर्ज करने के बाद इंग्लैंड पहुंची पाकिस्तान को हकीकत का सामना करना पड़ा. लीड्स में टेस्ट सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड ने तीसरे दिन ही पाकिस्तान को एक पारी और 103 रन के भारी-भरकम अंतर से रौंद दिया. इसके साथ ही लीड्स में एक टेस्ट मैच जीतने के चला आ रहा पाकिस्तान का इंतजार 39वें साल भी खत्म नहीं हुआ.
हेडिंग्ले के मैदान पर शुक्रवार 21 अगस्त को इंग्लैंड-पाकिस्तान के बीच टेस्ट मैच का तीसरा दिन था. दिन की शुरुआत इंग्लैंड की पहली पारी के साथ हुई, जहां इंग्लैंड की आखिरी 2 जोड़ियों ने मिलकर 43 रन बनाए और टीम को 409 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. इसके दम पर इंग्लैंड को पाकिस्तान पर 238 रन की जबरदस्त बढ़त मिल गई थी.
पाकिस्तानी बैटिंग फिर पस्त
यहीं से पाकिस्तान की हार तय नजर आ रही थी लेकिन वो दिन खत्म होने से पहले आ जाएगी, ये तो खुद पाकिस्तानी टीम ने भी नहीं सोचा होगा. पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने पाकिस्तान को ध्वस्त कर दिया. इस बार शुरुआत जोफ्रा आर्चर ने की, जिन्होंने 4 चौथे ओवर तक ही दोनों ओपनर को निपटा दिया. इसके बाद पहली पारी के स्टार ऑली रॉबिनसन और जॉश टंग ने फिर कहर बरपाया. दोनों ने इस बार भी 3-3 विकेट लिए.
पाकिस्तान के लिए मोहम्मद रिजवान ने कुछ रन जरूर बटोरे लेकिन 41 रन बनाकर वो 9वें विकेट के रूप में आउट हुए. इस तरह तीसरे दिन का दूसरा सेशन पूरा होने से पहले ही पाकिस्तानी टीम सिर्फ 135 रन पर ढेर हो गई और इंग्लैंड ने शानदार जीत के साथ ही 3 मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली. हेडिंग्ले के मैदान पर 1987 में टेस्ट मैच जीतने के बाद से ही पाकिस्तान को यहां सफलता नहीं मिल पाई और ये सिलसिला इस बार भी जारी रहा.
जो रूट की जीत के साथ वापसी
ये जीत जो रूट के लिए बेहद खास रही क्योंकि 4 साल बाद वो इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान के रूप में लौटे और पहले ही मैच में उन्हें जीत मिल गई. साथ ही हेडिंग्ले उनका होम ग्राउंड भी है, जहां अगला टेस्ट मैच 2029 से पहले नहीं खेला जाएगा. ऐसे में जो रूट तब तक क्रिकेट खेलते रहेंगे या नहीं, ये कहना मुश्किल है. इसलिए भी ये जीत रूट के लिए खास रही.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More