September 12, 2026

ENG vs PAK: पाकिस्तान का 0-3 से सूपड़ा साफ, रूट-कॉक्स ने छुड़ाए छक्के; इंग्लैंड ने 8 विकेट से जीता बर्मिंघम टेस्ट

ENG vs PAK: इंग्लैंड ने बर्मिंघम टेस्ट में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 3-0 से जीत ली. जो रूट और जॉर्डन कॉक्स ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम को जीत दिलाई.

ENG vs PAK: इंग्लैंड ने बर्मिंघम टेस्ट में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 3-0 से जीत ली. जो रूट और जॉर्डन कॉक्स ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम को जीत दिलाई.

author-image

New Update

ENG vs PAK Test Series

इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ जीती टेस्ट श्रृखंला Photograph: (@englandcricket)

ENG vs PAK: इंग्लैंड की टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया है. लीड्स और लंदन में मिली हार के बाद पाकिस्तान की टीम बर्मिंघम टेस्ट में वापसी की उम्मीद लेकर उतरी थी, लेकिन यहां भी उसे करारी हार का सामना करना पड़ा. एजबेस्टन में खेले गए तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया.

रूट और कॉक्स ने दिलाई आसान जीत

आपको बता दें कि इंग्लैंड के सामने चौथी पारी में जीत के लिए सिर्फ 130 रनों का लक्ष्य था. हालांकि टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और सिर्फ 2 रन के स्कोर पर बेन डकेट और एमिलियो गे आउट हो गए. इसके बाद कप्तान जो रूट और विकेटकीपर बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स ने मोर्चा संभाल लिया. दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 140 गेंदों में 128 रनों की शानदार साझेदारी की और इंग्लैंड को आसान जीत दिला दी. जॉर्डन कॉक्स ने 76 गेंदों में 8 चौकों की मदद से नाबाद 59 रन बनाए. वहीं जो रूट ने 69 गेंदों में 9 चौकों के साथ नाबाद 62 रनों की पारी खेली. पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद अब्बास ने दोनों शुरुआती विकेट लिए, लेकिन इसके बाद वह इंग्लैंड पर दबाव नहीं बना सके.

Series win vibes 🏆 pic.twitter.com/MeXk8fRRx9

— England Cricket (@englandcricket) September 12, 2026

पहली पारी में पाकिस्तान की हालत खराब

इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पाकिस्तान की पहली पारी महज 133 रनों पर सिमट गई. सऊद शकील ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए. इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए. इसके जवाब में इंग्लैंड ने पहली पारी में 453 रन बनाए और 320 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली. इंग्लैंड के लिए एमिलियो गे ने 60, हैरी ब्रूक ने 75, डैन लॉरेंस ने 65 और जैमी स्मिथ ने 69 रन बनाए. ओली रॉबिन्सन ने भी 50 रनों का योगदान दिया. पाकिस्तान के लिए रजाउल्लाह ने 4 विकेट हासिल किए.

दूसरी पारी में पाकिस्तान ने की वापसी की कोशिश

दूसरी पारी में पाकिस्तान ने बेहतर बल्लेबाजी की और 449 रन बनाए. शान मसूद 95 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने अजान ओवैस के साथ 125 और बाबर आजम के साथ 89 रनों की साझेदारी की. बाबर ने 76 रन बनाए. इसके बाद मोहम्मद अब्बास और रजाउल्लाह ने नौवें विकेट के लिए 121 रन जोड़े. रजाउल्लाह ने 81 रनों की पारी खेली. इंग्लैंड के लिए गस एटकिंसन ने 3 विकेट लिए, जबकि ओली रॉबिन्सन, जोश टंग और डैन लॉरेंस को 2-2 विकेट मिले. पाकिस्तान की दूसरी पारी के कारण इंग्लैंड को 130 रनों का लक्ष्य मिला, लेकिन रूट और कॉक्स ने इसे आसानी से हासिल कर लिया.

The list of Pakistan's 0-3 whitewashes since January 2001 👇#ENGvPAKpic.twitter.com/1Hk7rH1J8f

— Cricbuzz (@cricbuzz) September 12, 2026

इस हार के साथ पाकिस्तान ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 0-3 से गंवा दी. पूरी सीरीज में इंग्लैंड का दबदबा देखने को मिला. वहीं पाकिस्तान के लिए यह हार बेहद निराशाजनक रही और कप्तान बाबर आजम पर भी सवाल उठने लगे हैं.

इंग्लैंड-पाक टेस्ट सीरीज के बाद WTC प्वाइंट्स टेबल का हाल

बता दें कि पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद इंग्लैंड की टीम WTC 2025-27 के पॉइंट्स टेबल में एक पायदान ऊपर 7वें से छठे स्थान पर पहुंच गई है. इस सीरीज से पहले इंग्लैंड की टीम 7वें नंबर पर थी. अब उनकी जीत प्रतिशत (PCT) 38.54 का हो गया. इंग्लैंड ने इस चक्र में अब तक खेले 16 टेस्ट मैचों में से 7 जीते हैं और 8 में हार का सामना किया है. वहीं, पाकिस्तान की टीम पहले ही प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे 9वें स्थान पर थी और तीसरे टेस्ट हार के बाद उसका जीत प्रतिशत और गिरकर 14.81 हो गया है. पाकिस्तान की टीम अब तक खेले 9 टेस्ट मैचों में से सिर्फ 2 में जीत हासिल कर सकी है. फिलहाल WTC पाइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले नंबर पर काबिज है. ऑस्ट्रेलिया ने 10 मैचों में 8 में जीत हासिल की है और उसका जीत प्रतिशत 80 का है.

— ICC (@ICC) September 12, 2026

वहीं, दूसरे नंबर साउथ अफ्रीका, तीसरे पर न्यूजीलैंड, चौथे पर बांग्लादेश और पांचवें नंबर पर भारत मौजूद है. इसके बाद इंग्लैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और पाकिस्तान क्रमश: छठे, 7वें, 8वें और 9वें नंबर पर है.

यह भी पढ़ें- IND VS AFG: पहले टी-20 पर मंडराया बारिश का साया? जानिए मुकाबले के दौरान कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम