July 20, 2026

Electric SUV: वोल्वो EX90 भारत में 19 अगस्त को होगी लॉन्च; जानें कीमत, रेंज और फीचर्स - Haribhoomi

Electric SUV: भारतीय बाजार में वोल्वो बहुत जल्द अपनी फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक SUV EX90 को लॉन्च करेगी। इस प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV में लंबी ड्राइविंग रेंज, अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी और शानदार फीचर्स मिलेंगे।

Electric SUV

वोल्वो EX90 भारत में 19 अगस्त को लॉन्च होगी

  • Published: 20 Jul 2026, 07:03 PM IST
  • Last Updated: 20 Jul 2026, 07:03 PM IST

Electric SUV: स्वीडिश लग्जरी कार निर्माता वोल्वो भारतीय बाजार में अपनी फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक एसयूवी EX90 को 19 अगस्त को लॉन्च करने जा रही है। 2022 में ग्लोबल लेवल पर पेश की गई EX90, कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक SUV थी जो Geely के SPA2 प्लेटफॉर्म पर तैयार की गई थी। यह Volvo के लाइनअप में तीसरी फुल इलेक्ट्रिक कार है और इसे लोकप्रिय XC90 के ऑल-इलेक्ट्रिक विकल्प के तौर पर देखा जाता है।

6 और 7-सीटर लेआउट के साथ आएगी SUV
ग्लोबल मार्केट में Volvo EX90 को स्टैंडर्ड तौर पर तीन-रो सीटिंग लेआउट के साथ पेश किया जाता है। खरीदार अपनी जरूरत के अनुसार 6-सीटर या 7-सीटर कॉन्फिगरेशन का विकल्प चुन सकते हैं। भारत में कौन-सा विकल्प मिलेगा, इसकी आधिकारिक पुष्टि लॉन्च के समय होगी।

डिजाइन में मिलेगा Volvo का सिग्नेचर स्टाइल
डिजाइन की बात करें तो EX90 का लुक काफी हद तक Volvo EX30 से प्रेरित नजर आता है। इसके फ्रंट में बॉडी-कलर क्लोज्ड ग्रिल पर Volvo का 'Iron Mark' लोगो दिया गया है। SUV में T-शेप LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स, प्रोजेक्टर हेडलाइट्स, स्लीक फ्रंट बंपर और वर्टिकल फॉग लैंप्स मिलते हैं।

साइड प्रोफाइल में Volvo की क्लीन डिजाइन लैंग्वेज देखने को मिलती है, जबकि पीछे की ओर स्प्लिट LED टेललाइट्स और C-शेप लाइट सिग्नेचर इसे आधुनिक लुक देते हैं।

प्रीमियम और हाई-टेक केबिन
Volvo EX90 का इंटीरियर मिनिमलिस्ट डिजाइन पर आधारित है। डैशबोर्ड पर 14.5 इंच की पोर्ट्रेट टचस्क्रीन दी गई है, जो इंफोटेनमेंट और वाहन के अधिकांश कंट्रोल को संभालती है।

इसमें Google Built-in, 5G कनेक्टिविटी, OTA अपडेट, Unreal Engine आधारित इंटरफेस, NVIDIA Drive सिस्टम और Snapdragon Cockpit Platform का सपोर्ट मिलता है। इसके अलावा, ड्राइवर के लिए अलग डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी दिया गया है।

दमदार बैटरी और पावरट्रेन
Volvo EX90 को अंतरराष्ट्रीय बाजार में रियर-व्हील ड्राइव (RWD) और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) दोनों विकल्पों में पेश किया गया है।

RWD वेरिएंट: 92 kWh बैटरी, 245 kW पावर और 470 Nm टॉर्क
AWD वेरिएंट: 106 kWh बैटरी के साथ दो विकल्प
स्टैंडर्ड AWD: 335 kW पावर और 670 Nm टॉर्क
परफॉर्मेंस AWD: 500 kW पावर और 870 Nm टॉर्क

620 KM तक की ड्राइविंग रेंज
ग्लोबल स्पेसिफिकेशन के अनुसार RWD वेरिएंट एक बार चार्ज करने पर 565 किलोमीटर तक की रेंज देता है, जबकि AWD वर्जन 620 किलोमीटर तक चल सकता है। हालांकि, भारत में लॉन्च होने वाले मॉडल की अंतिम बैटरी और रेंज की जानकारी अभी सामने आना बाकी है।

22 मिनट में 10 से 80% तक होगी चार्ज
Volvo EX90 में 350 kW DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है, जिससे बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में लगभग 22 मिनट का समय लगता है। वहीं, 3-फेज 16A AC चार्जर से इसे पूरी तरह चार्ज होने में करीब 11 घंटे लगते हैं।

किन कारों से होगा मुकाबला?
Volvo EX90 को भारत में CBU (Completely Built Unit) के रूप में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Mercedes-Benz EQS SUV, BMW iX और अन्य प्रीमियम लग्जरी इलेक्ट्रिक SUVs से होगा।

(मंजू कुमारी)