July 30, 2026

इंग्लैंड टेस्ट टीम के कोच बन सकते हैं स्टीफन फ्लेमिंग, ECB जल्द कर सकता है आधिकारिक ऐलान

लंदन (उत्तम हिन्दू न्यूज) : इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) टेस्ट टीम के नए हेड कोच की तलाश में जुटा है। ब्रैंडन मैकुलम के पद छोड़ने के बाद इस जिम्मेदारी को कौन संभालेगा, इसे लेकर क्रिकेट जगत में काफी उत्सुकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग इस पद के सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। फ्लेमिंग ने पिछले महीने ही 16 वर्षों के लंबे कार्यकाल के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के हेड कोच का पद छोड़ा था।

द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, चयन प्रक्रिया में फ्लेमिंग ने रिचर्ड डॉसन और जोनाथन ट्रॉट जैसे दावेदारों को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि वह पाकिस्तान के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में टीम की कमान नहीं संभालेंगे, लेकिन 2026 में दक्षिण अफ्रीका दौरे से इंग्लैंड के टेस्ट हेड कोच का कार्यभार संभाल सकते हैं।

ब्रैंडन मैकुलम के जाने के बाद फिलहाल इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज मार्कस ट्रेस्कोथिक अंतरिम हेड कोच की भूमिका निभा रहे हैं। यदि फ्लेमिंग की नियुक्ति होती है तो वह इंग्लैंड टेस्ट टीम के पांचवें विदेशी हेड कोच होंगे। उनसे पहले डंकन फ्लेचर, एंडी फ्लावर, ट्रेवर बेलिस और ब्रैंडन मैकुलम इस पद पर रह चुके हैं।

उधर, बेन स्टोक्स के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद नए टेस्ट कप्तान के नाम को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को एक बार फिर टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है, हालांकि ECB ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

स्टीफन फ्लेमिंग को विश्व क्रिकेट के सबसे सफल और अनुभवी कोचों में गिना जाता है। उन्होंने 2008 में पहले आईपीएल सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खिलाड़ी के रूप में हिस्सा लिया था। इसके बाद 2009 से 2026 तक कोचिंग की जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने 16 सीजन सीएसके के साथ बिताए, जबकि सीएसके पर प्रतिबंध के दौरान दो सीजन राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के हेड कोच भी रहे।

फ्लेमिंग के मार्गदर्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल खिताब जीता। हालांकि उनके पास किसी अंतरराष्ट्रीय टीम को कोचिंग देने का अनुभव नहीं है। ऐसे में यदि उन्हें इंग्लैंड टेस्ट टीम का हेड कोच बनाया जाता है, तो उनकी रणनीति और प्रदर्शन पर पूरी क्रिकेट दुनिया की नजरें रहेंगी।

You Might Be Interested In

  • पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में चेकपॉइंट पर हुआ जोरदार धमाका, 7 पुलिसकर्मियों की मौत और 22 घायल
  • बांकीपुर उपचुनाव : भाजपा और जन सुराज कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, 3 बूथों पर बिगड़े हालात; पुलिस ने संभाला मोर्चा
  • रूस का कीव पर भीषण मिसाइल हमला, कई इलाकों में तबाही; जेलेंस्की की चेतावनी के कुछ घंटे बाद बरसे मिसाइल
  • मैं हर जिम्मेदारी लूंगा, डरने की जरूरत नहीं… छात्रों पर हिंसा के आरोप के बीच जवानों से बोले CRPF चीफ
  • अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया रिटायरमेंट, सोशल मीडिया पर पोस्ट कर किया ऐलान
  • 3 राज्यों की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी, बांकीपुर-दतिया और मांजलपुर में डाले जा रहे वोट; नतीजे 3 को