September 19, 2026

DUSU Election Result 2026: यश डबास बने प्रेसिडेंट, 2053 वोटों से जीत, ABVP ने 3 पदों पर जमाया कब्जा

DUSU Election Result 2026 Yash Dabas Wins: यश डबास ने DUSU प्रेसिडेंट का चुनाव जीत लिया है। जानिए किसे हराकर हासिल की जीत, कितने वोट मिले और ABVP का चुनावी प्रदर्शन कैसा रहा।

DUSU Election Result 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला आखिरकार खत्म हो गया। ABVP के यश डबास ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर ली है। डबास ने NSUI के विजय शंकर मीणा को 2,053 वोटों के अंतर से हराया। अंतिम नतीजों में डबास को 24,576 वोट मिले, जबकि मीणा के खाते में 22,523 वोट आए।

कांटे की टक्कर में आखिर पलटा मुकाबला

यश डबास की जीत की कहानी इसलिए भी दिलचस्प रही क्योंकि मतगणना के दौरान अध्यक्ष पद का मुकाबला लगातार बदलता रहा। शुरुआती राउंड में कभी डबास तो कभी विजय शंकर मीणा आगे रहे। 10वें राउंड के बाद मीणा 11,966 वोटों के साथ डबास के 11,472 वोटों से आगे थे। बाद के राउंड में तस्वीर बदली और डबास ने बढ़त बना ली। 20 राउंड की गिनती पूरी होने के बाद डबास के नाम पर अध्यक्ष पद की मुहर लगी।

कितने वोटों से जीते यश डबास?

अंतिम नतीजों के मुताबिक-

  • यश डबास, ABVP: 24,576 वोट
  • विजय शंकर मीणा, NSUI: 22,523 वोट
  • जीत का अंतर: 2,053 वोट
  • इस जीत के साथ डबास अब 2026-27 सत्र के लिए DUSU अध्यक्ष होंगे।

ये भी पढ़ें- Who is Yash Dabas: यश डबास कौन हैं? जानिए ABVP के DUSU अध्यक्ष उम्मीदवार का एजुकेशन और बैकग्राउंड

ABVP ने कितनी सीटें जीतीं?

अध्यक्ष पद के साथ ABVP ने DUSU के चार केंद्रीय पदों में से तीन पर जीत हासिल की। यश डबास ने अध्यक्ष, रिया छावड़ी ने सचिव और लक्ष्य राज सिंह ने संयुक्त सचिव पद अपने नाम किया। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत दर्ज की। दिलचस्प बात यह है कि शौकीन पहले NSUI से जुड़े रहे थे और उन्हें पार्टी का टिकट नहीं मिला था। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उपाध्यक्ष पद जीता।

कौन हैं यश डबास?

यश डबास दिल्ली के कंझावला इलाके से आते हैं। छात्र राजनीति में सक्रिय होने से पहले उनकी पहचान टेनिस खिलाड़ी के तौर पर रही है। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक वह अंतरराष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं और स्पेन, ऑस्ट्रेलिया तथा सर्बिया में ITF जूनियर सर्किट पर खेल चुके हैं। उन्होंने SGTB खालसा कॉलेज से ग्रेजुएशन किया और इसके बाद कैंपस लॉ सेंटर में कानून की पढ़ाई की। फिलहाल वह दिल्ली विश्वविद्यालय में बुद्धिस्ट स्टडीज की पढ़ाई कर रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक वह पिछले करीब छह साल से ABVP से जुड़े छात्र कार्यकर्ता भी रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Who is Vijay Shankar Meena: विजय शंकर मीणा कौन हैं? जानें NSUI के DUSU अध्यक्ष उम्मीदवार का एजुकेशन और बैकग्राउंड

जीत के बाद क्या बोले यश डबास?

जीत के बाद डबास ने छात्र सुरक्षा को अपनी प्राथमिकताओं में रखा। उन्होंने कहा कि उनका पहला फोकस कॉलेजों, हॉस्टलों और PGs का सेफ्टी ऑडिट कराना होगा। यह मुद्दा DUSU चुनाव में उनके अभियान के प्रमुख विषयों में रहा था। 18 सितंबर को हुए DUSU चुनाव में 40.46 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। अब यश डबास की अध्यक्षता में 2026-27 के लिए नई छात्रसंघ टीम काम करेगी।

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।