DUSU Election 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव को लेकर ABVP की ओर से 13 ने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए गए हैं। आज से ये सभी उम्मीदवार दिल्ली विश्वविद्यालय के अलग-अलग कॉलेजों और विभागों में जाकर छात्रों से संपर्क करेंगे।
दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव को लेकर ABVP ने प्रत्याशियों की सूची जारी की।
- Published: 01 Sep 2026, 12:46 PM IST
- Last Updated: 01 Sep 2026, 12:46 PM IST
DUSU Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के लिए ABVP 13 संभावित उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए गए हैं। संगठन के अनुसार, इन सभी उम्मीदवारों को छात्रों के बीच सक्रिय रहने, संगठन के काम में योगदान देने और स्टूडेंट्स हितों के लिए आवाज उठाने के आधार पर चुना गया है। लिस्ट में शामिल उम्मीदवार 1 सितंबर से दिल्ली विश्वविद्यालय के अलग-अलग कॉलेजों और विभागों में जाकर छात्रों से संपर्क करेंगे।
लिस्ट में कौन-कौन शामिल ?
बताया जा रहा है कि ABVP की तरफ से जारी लिस्ट में आलोक अत्री, आयुषी शर्मा, ईशु मौर्य, कृष्ण यादव, लक्ष्य राज सिंह, नितिन तंवर, प्रियांशु महामना, रिया छावड़ी, रिया मलिक, सनी डेढा, तान्या मावी, वरुण यादव और यश डबास शामिल हैं।
ABVP का कहना है कि सभी 13 संभावित उम्मीदवार दिल्ली विश्वविद्यालय के 47 महाविद्यालयों और 5 विभागों में जाकर स्टूडेंट्स से बात करेंगे। इस दौरान स्टूडेंट्स की समस्याओं, उनकी जरूरतों, अपेक्षाओं और सुझावों को जानने की कोशिश करेंगे।
संगठन का कहना है कि छात्रों से मिलने वाले सुझावों को आने वाले चुनाव के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा। इसके लिए करीब 1 हफ्ते तक प्री-कैंपेन अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए उम्मीदवारों को छात्रों के बीच जाकर उनकी बात समझने का मौका मिलेगा।
नामांकन दाखिल करने और वापस लेने की डेट
DUSU चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की लास्ट डेट 10 सितंबर है। वहीं उम्मीदवार 11 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। इसके बाद ABVP की चुनाव समिति 11 सितंबर को केंद्रीय पैनल के 4 पदों के लिए अपने आधिकारिक उम्मीदवारों के नाम घोषित करेगी। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के चुनाव 18 सितंबर को होंगे, जबकि मतगणना 19 सितंबर को की जाएगी। ऐसे में चुनाव से पहले ABVP ने छात्रों के बीच अपनी गतिविधियां तेज करने की तैयारी कर ली है।
ABVP दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने क्या कहा ?
ABVP दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि प्री-कैंपेन के दौरान संगठन के कार्यकर्ता पूरे साल की गतिविधियों और छात्र हित में किए गए कामों की जानकारी छात्रों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ABVP के नेतृत्व वाले DUSU ने पिछले कार्यकाल में ग्रेट DUSU इंटर्नशिप, केंद्रीकृत हॉस्टल प्रणाली, महिला सुरक्षा के लिए पिंक बूथ और
CCTV कैमरे लगवाने समेत कई मुद्दों पर काम किया है। सार्थक शर्मा का कहना है कि संगठन को पूरी उम्मीद है कि इस बार दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र ABVP को चारों केंद्रीय पदों पर जीत दिलाएंगे और एक मजबूत छात्रसंघ बनाने का मौका देंगे।