Driving Tips: बारिश के मौसम में जलभराव और कम विजिबिलिटी बड़ी चुनौती होती है। छोटी लापरवाही बड़े हादसे और इंजन डैमेज का कारण बन सकती है।
इन 7 जरूरी बातों का रखें ध्यान
- Published: 25 Jul 2026, 09:48 PM IST
- Last Updated: 25 Jul 2026, 09:48 PM IST
Driving Tips: मानसून के दौरान कार से सफर करना आरामदायक जरूर होता है, लेकिन तेज बारिश, जलभराव और कम विजिबिलिटी ड्राइविंग को काफी चुनौतीपूर्ण बना देते हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही आपकी कार के इंजन को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है या सड़क पर आपकी सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है। अगर आप बारिश में कार चलाने जा रहे हैं, तो इन जरूरी बातों का ध्यान जरूर रखें।
जलभराव वाली सड़क पर ग्राउंड क्लियरेंस का रखें ध्यान
अगर सड़क पर पानी भरा है, तो सबसे पहले उसकी गहराई का अंदाजा लगाएं। यदि पानी का स्तर आपकी कार के ग्राउंड क्लियरेंस तक है, तो गाड़ी को पहले गियर में बेहद धीमी गति से चलाएं। इस दौरान लगातार एक्सीलरेटर का हल्का इस्तेमाल करें और बीच रास्ते में वाहन रोकने से बचें।
डीजल कार मालिक रहें ज्यादा सतर्क
डीजल इंजन वाली कारों में पानी का इंजन के एयर इनटेक तक पहुंचना बेहद नुकसानदायक हो सकता है। यदि पानी एयर क्लीनर के जरिए इंजन में चला जाए, तो इंजन बंद हो सकता है और हाइड्रोलॉक जैसी गंभीर समस्या के कारण भारी मरम्मत का खर्च उठाना पड़ सकता है।
स्पीड और विजिबिलिटी पर रखें पूरा नियंत्रण
- बारिश के दौरान हमेशा वाहन की रफ्तार नियंत्रित रखें। अगर हाईवे पर तेज बारिश हो रही है, तो कोशिश करें कि 70 किमी/घंटा से अधिक की रफ्तार न रखें।
- अनजान और जलभराव वाले रास्तों पर आगे चल रहे किसी बस या ट्रक जैसी ऊंची गाड़ी को फॉलो करना सुरक्षित हो सकता है, क्योंकि उससे सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाना आसान होता है।
- विजिबिलिटी कम होने पर हमेशा हेडलाइट्स ऑन रखें, ताकि सामने और पीछे चल रहे अन्य वाहन आपको आसानी से देख सकें।
कार में रखें जरूरी इमरजेंसी सामान
अगर कार में पानी घुस जाता है, तो पावर विंडो और सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम काम करना बंद कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है।
इसलिए कार में हमेशा ये जरूरी सामान रखें:
इमरजेंसी विंडो हैमर
टॉर्च
पोर्टेबल टायर एयर पंप
ये छोटे उपकरण आपात स्थिति में आपकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद कर सकते हैं।
ज्यादा जलभराव वाले रास्तों से बचें
यदि सड़क पर पानी तेजी से बढ़ रहा हो या आपकी कार बीच पानी में बंद हो जाए, तो इंजन को बार-बार स्टार्ट करने की कोशिश न करें। वाहन को सुरक्षित स्थान पर ले जाएं और जरूरत पड़ने पर सड़क किनारे पार्क कर दें।
अगर पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा हो, तो कार के अंदर बैठे रहने के बजाय तुरंत बाहर निकलकर किसी ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और मदद का इंतजार करें।
बड़ी गाड़ियों से उठने वाली लहरों से रहें सावधान
जलभराव वाले रास्तों पर तेज रफ्तार से गुजरने वाले ट्रक या बस से उठने वाली पानी की लहर आपकी कार में पानी भर सकती है। इससे इंजन और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आपकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। इसलिए ऐसे इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।
(मंजू कुमारी)