Drishyam 3 Box Office: रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ इसी हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई है और पहले तीन दिनों में ही फिल्म ने 300 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर लिया है. हर कोई ‘जेलर 2’ की बंपर कमाई की चर्चा कर रहा है. पर इधर जब सबका ध्यान ‘जेलर 2’ पर था तो दूसरी तरफ अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने रिलीज़ के 16वें दिन छप्परफाड़ कमाई कर ली और घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 350 करोड़ की ओर एक और कदम बढ़ा दिया.
माना जा रहा था कि रजनीकांत की पैन इंडिया फिल्म ‘जेलर 2’ की रिलीज़ का असर अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ पर पड़ेगा. पर कमाई के आंकड़ों से साफ है कि ‘जेलर 2’ दृश्यम 3 का कुछ बिगाड़ नहीं पाई है. शनिवार को ‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर 5 करोड़ रुपये की अच्छी कमाई की. इससे पहले शुक्रवार को 3.10 करोड़ और गुरुवार को 4.25 करोड़ रुपये का बिज़नेस किया था.
हिंदी में नहीं बज रहा ‘जेलर 2’ का डंका?
पिछले कुछ सालों में तमिल और तेलुगू समेत साउथ की कई भाषाओं की पैन इंडिया फिल्में हिंदी बॉक्स ऑफिस पर खूब पैसा छापती हैं. ‘जेलर 2’ से भी ऐसी उम्मीद लगाई जा रही थी. हालांकि प्रभास, अल्लू अर्जुन और यश जैसा कमाल हिंदी भाषा में रजनीकांत इस बार भी नहीं दिखा पाए हैं. जेलर 2 ने शनिवार को कुल 47 करोड़ का कारोबार किया, लेकिन हिंदी में ये शनिवार को 4.50 करोड़ रुपये ही कमा सकी. इस दौरान ऑक्यूपेंसी 26 फीसदी देखी गई. अब तक जेलर 2 ने वर्ल्डवाइड 321 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिज़नेस किया है.
‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
‘दृश्यम 3’ ने 16 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 341.10 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया है. वहीं वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने अब तक 528.77 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. ये अजय देवगन की पहली 500 करोड़ी फिल्म भी है. अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी दृश्यम फ्रेंचाइजी की ये तीसरी और आखिरी फिल्म है. इसके साथ ही हिंदी में मेकर्स ने इस फ्रेंचाइजी का अंत कर दिया है. फिल्म में इस बार जयदीप अहलावत पुलिसवाले के रोल में नज़र आए. वहीं पुराने सितारों में तब्बू, श्रिया सरन और इशिता दत्ता जैसे कलाकार दिखाई दिए.

मोहम्मद आसिफ
मोहम्मद आसिफ टीवी9 हिंदी डॉट कॉम में नवंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन के हेड के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. वो एंटरटेनमेंट जगत से जुड़ी हलचल पर पैनी नजर रखते हैं. सिनेमा और सितारों में आसिफ खास दिलचस्पी रखते हैं. आसिफ को नई नई वेब सीरीज और फिल्में देखना काफी पसंद है. टीवी9 हिंदी डॉट कॉम से पहले आसिफ एबीपी न्यूज़ की हिंदी वेबसाइट में एबीपी लाइव डॉट कॉम में काम कर रहे थे. एबीपी लाइव डॉट कॉम में आसिफ ने करीब साढ़े 6 साल तक काम किया है. साल 2016 में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट आसिफ ने एबीपी न्यूज की वेबसाइट से ही अपने करियर की शुरुआत की थी. एबीपी में आसिफ ने एंटरटेनमेंट सेक्शन संभाला. इसके अलावा वहां होम पेज और स्पोर्ट्स सेक्शन में भी उन्होंने काम किया. आसिफ ने दिल्ली के इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है. इससे पहले उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की. आसिफ ने स्कूल की पढ़ाई भी देश की राजधानी दिल्ली से ही की है. उन्हें को क्रिकेट खेलना, ओटीटी पर कंटेंट देखना, परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताना पसंद है.
Read More