
हिम्मत सिंह ने किया अजीबोगरीब रन आउट. (फोटो- DPL)
Himmat Singh Dramatic Run Out: दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 (DPL 2026) के 8वें मैच में अरुण जेटली स्टेडियम पर क्रिकेट का सबसे अजीबोगरीब ड्रामा देखने को मिला. न्यू दिल्ली टाइगर्स और आउटर दिल्ली वॉरियर्स के बीच खेला गया यह मैच इतना रोमांचक रहा कि सीजन के पहले सुपर ओवर में जाकर मैच का नतीजा निकला, जिसमें आखिरकार आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने बाजी मार ली. इस मैच के दौरान न्यू दिल्ली टाइगर्स के कप्तान हिम्मत सिंह का गुस्सा टीम के काम आया, जिसके चलते वो मुकाबले को सुपर ओवर तक लेकर जाने में कामयाब रही.
बारिश के बाद हिम्मत और लक्ष्य का तूफान
बारिश से चलते इस मैच को 15-15 ओवरों का कर दिया गया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स की शुरुआत काफी खराब रही और 37 रनों पर ही 2 विकेट गिर गए. इसके बाद कप्तान हिम्मत सिंह और लक्ष्य थरेजा ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 101 रनों की तूफानी साझेदारी की. जिसमें हिम्मत सिंह के 61 रन और लक्ष्य थरेजा के 62 रन शामिल रहे. इन दोनों की आक्रामक पारियों की बदौलत न्यू दिल्ली टाइगर्स ने 15 ओवर में 5 विकेट पर 156 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया.
मैच की आखिरी गेंद पर गजब का ड्रामा
157 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी आउटर दिल्ली की टीम एक समय 80 रन पर 5 विकेट गंवाकर गहरे संकट में थी. लेकिन इसके बाद मोनु शुक्ला ने सिर्फ 17 गेंदों पर 45 रनों की आतिशी पारी खेलकर टीम को मैच में वापस ला खड़ा किया. जीत के लिए आखिरी ओवर में आउटर दिल्ली को 9 रनों की दरकार थी. शिवम शर्मा ने पहली गेंद पर चौका जड़ा, अगली गेंद पर एक रन आया और फिर तीसरी गेंद नो बॉल हो गई. हालांकि, अगली ही गेंद पर सिद्धांत शर्मा रन आउट हो गए, जिससे समीकरण आखिरी गेंद पर 1 रन पर आ टिका.
मैच की आखिरी गेंद पर टूर्नामेंट का सबसे सनसनीखेज वाकया देखने को मिला. बल्लेबाज ने शॉट खेला और रन के लिए दौड़ पड़ा. मिड-ऑफ पर फील्डिंग कर रहे कप्तान हिम्मत सिंह से गेंद छूटी और उन्होंने गुस्से में गेंद को लात मार दी. किस्मत का खेल देखिए, हिम्मत के लात मारते ही गेंद सीधे नॉन-स्ट्राइकर एंड के स्टंप्स से जा टकराई. उस समय बल्लेबाज क्रीज से बाहर था और अंपायर ने उसे रन आउट करार दे दिया. 1 रन बनाने के चक्कर में विकेट गिर गया और मैच सीधे टाई होकर सुपर ओवर में पहुंच गया.
सुपर ओवर में आउटर दिल्ली की धमाकेदार जीत
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने मोनु शुक्ला के कैमियो की बदौलत 20 रनों का स्कोर बनाया. 21 रनों का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स के कप्तान हिम्मत सिंह ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा. लेकिन अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए. इसके तुरंत बाद ऋतिक शौकीन भी कैच आउट हो गए और न्यू दिल्ली की टीम ऑलआउट हो गई. जिसके चलते आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने इस सांसे रोक देने वाले मुकाबले में रोमांचक जीत हासिल की.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More