September 2, 2026

धनुष की राजनीतिक एंट्री की अटकलों के बीच थलपति विजय को मिलेगा धोखा? DMK का तंज

Sep 02, 2026 04:45 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Thalapathy Vijay: अभिनेता धनुष के राजनीति में आने की अटकलों के बीच थलपति विजय के ऊपर डीएमके ने नया हमला किया है। डीएमकी की तरफ से कहा गया कि अगर धनुष पार्टी शुरू करते हैं, तो विजय के करीबी सहयोगी आधव अर्जुन सबसे पहले पार्टी छोड़ेंगे।

DMK attacks Thalapathy Vijay aide Aadhav Arjuna speculation intensifies about Dhanush entering politics

धनुष की राजनीति में आने की चर्चा तेज

Thalapathy Vijay: तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के ऊपर विपक्ष लगातार हमलावर बना हुआ है। लेकिन इस बार उनके भरोसेमंद और राज्य सरकार में मंत्री आधव अर्जुन निशाने पर आए हैं। तमिल अभिनेता धनुष के राजनीति में आने की खबरों के बीच DMK की तरफ से कहा गया कि अगर ऐसा होता है, तो आधव अर्जुन सबसे पहले व्यक्ति होंगे, जो पाला बदलकर धनुष की पार्टी में चले जाएंगे। बता दें, थलपति की टीवीके में शामिल होने से पहले आधव अर्जुन डीएमके, वीसीके में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं।

तमिलनाडु में मुख्य विपक्षी पार्टी डीएमके शुरुआत से ही विजय को फिल्मी अभिनेता बताकर हमला करती हुई नजर आई है। हाल ही में स्टालिन पिता-पुत्र ने विजय के ऊपर विधानसभा को फिल्म सेट समझकर डायलॉग मारने का आरोप लगाया था। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए डीएमके के सचिव आर. एस भारती ने विजय के मंत्री आधव अर्जुन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "ऐसा कहा जा रहा है कि धनुष नाम का कोई व्यक्ति राजनीतिक पार्टी शुरू करने वाला है। अगर वह ऐसा करते हैं तो उस पर सबसे पहला हस्ताक्षर आधव अर्जुन का ही होगा।"

बता दें, 44 वर्षीय आधव अर्जुन को थलपति विजय का सबसे करीबी व्यक्ति माना जाता है। वह टीवीके के भी प्रमुख रणनीति कारों में से एक हैं। विजय ने उन्हें अपनी सरकार में भी जगह दी है।

मौसम के हिसाब से रंग बदलते हैं आधव अर्जुन- डीएमके नेता

भारती ने आधव अर्जुन पर निशाना साधते हुए कहा कि वह एक ऐसे नेता हैं, जो मौसम के हिसाब से रंग बदलते हैं। उन्होंने कहा कि वह सबसे पहले हमारे साथ थे। लेकिन यहां उनकी बुरी संगत की वजह से उन्हें बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद वह वीसीके के साथ चले गए।

भारती ने कहा, "थिरुमावलवन के खेमे में जाकर उन्होंने कॉमरेड के सिर पर हाथ फेरा। इसके बाद उन्हें भी कंगाल कर दिया। आखिर में यहां से भी सभी लोगों को वहां ले जाकर छोड़ा दिया। इसके बाद थिरुमावलवन का भी साथ छोड़ दिया।" भारती ने जोर देकर कहा कि अर्जुन एक ऐसे नेता हैं, जो मौसम के अनुसार एक जगह से दूसरी जगह कूदते रहते हैं।

धनुष के राजनीति में आने की अटकलें क्यों हुई तेज?

फिल्म अभिनेता धनुष के राजनीति में आने की अटकलें इस समय तमिलनाडु में जोरों शोरों से उठ रही हैं। यह सब उस समय शुरू हुआ, जब एक फैन क्लब के सामने धनुष ने एक जोशीला भाषण दिया। इसके अलावा उन्होंने चेन्नई में एक रक्त दान शिविर के दौरान अपने फैन्स के लिए एक नया झंडा भी लॉन्च किया। उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि अब वह केवल फिल्मों में ही नहीं बल्कि समाज कल्याण और सामुदायिक सेवा पर भी ध्यान दें।

धनुष के इस भाषण के बाद तुरंत ही उनकी तुलना थलपति विजय से की जाने लगी। विजय ने भी अपनी शुरुआती जमीन को बनाने के लिए फैन्स को ही सामुदायिक सेवा में काम करने फैन्स क्लब को एकजुट करके लोगों के सामने जाने के लिए कहा था।

धनुष द्वारा की जा रही सामुदायिक सेवा को लेकर जब उनकी टीम से बात की गई, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई राजनीतिक फैसला नहीं है। उनका उद्देश्य केवल लोगों की मदद करना है।