खगड़िया जिले में 17 सितंबर से 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू होगा। इसका मकसद सेवा, जनभागीदारी, सांस्कृतिक गतिविधियों, नवाचार और जनकल्याण की भावना को बढ़ावा देना है। यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।
.
जिलाधिकारी विक्रम विरकर के निर्देश पर जिला प्रशासन ने अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है।
बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग और कला एवं संस्कृति विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत इस अभियान में जिले में 11 प्रमुख गतिविधियां कराई जाएंगी।
कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जुड़े विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान का जिला स्तरीय वरिष्ठ प्रभार डीडीसी श्रेया श्री को सौंपा गया है।


कहानियां और छोटे वीडियो किए जाएंगे तैयार
उनके सहयोग के लिए वरिष्ठ उप समाहर्ता प्रवीण कुमार, उप निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार और सहायक योजना अधिकारी नित्यानंद किशोर को जिम्मेदारी दी गई है।
अभियान के तहत 'सेवा चित्र' कार्यक्रम में सरकारी और निजी स्कूलों व कॉलेजों में 'विकसित भारत' और सेवा कार्य विषय पर ड्रॉइंग व भाषण प्रतियोगिताएं होंगी।
'सेवा स्मरण' के तहत संगीत और नुक्कड़ नाटक के जरिए सेवा व जनजागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
'आंगन का मिलन' में आंगनबाड़ी केंद्रों पर माताओं और बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, 'कहानी बदलाव की' के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं से हुए बदलाव की सफलता की कहानियां और छोटे वीडियो तैयार किए जाएंगे।
तीन दिनों के भीतर तैयार कर पेश करने का निर्देश
'सेवा ज्योति यात्रा' के तहत जिला से लेकर गांव स्तर तक पदयात्रा और साइकिल यात्रा होगी। 'सेवा मेरा योगदान' में विभागों द्वारा सेवा से जुड़ी गतिविधियां, श्रमदान और सीधे बदलाव वाले काम कराए जाएंगे।
इसके अलावा, 6 अक्टूबर को 'सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार' आयोजित होगा। इसमें लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता, आवेदन और जरूरी सहायता दी जाएगी।
अन्य गतिविधियों में रंगोली/भारत मंडला, हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज, जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट और '25 साल, 25 कहानियां—नेशनल अनबॉक्सिंग' शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्रमों की विस्तृत जिला स्तरीय कार्ययोजना तीन दिनों के भीतर तैयार कर पेश करने का निर्देश दिया है।
साथ ही, संबंधित विभागों, अनुमंडल, प्रखंड और स्थानीय निकायों के साथ तालमेल बनाकर अभियान को असरदार बनाने को कहा है।