July 31, 2026

स्कूलों में बिजली के खंभों पर लगेंगे चेतावनी बोर्ड: जौनपुर में DM ने दिए सुरक्षा और गुणवत्ता सुधारने के निर्देश - Jaunpur News

  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Jaunpur
  • Jaunpur DM Review Meeting | Nipun Bharat Mission & Education Quality

अंकित श्रीवास्तव | जौनपुर26 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पाॅल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निपुण भारत मिशन एवं जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की बैठक संपन्न हुई। इस दौरान बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में निपुण भारत मिशन की प्रगति, डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलने वाली 1200 रुपये की धनराशि के ब्लॉकवार वितरण, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता, विद्यालय कायाकल्प के 19 मानकों की पूर्ति, दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के सत्यापन तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के निर्माण एवं शैक्षिक सुधार पर चर्चा हुई।

अनिवार्य सहभागिता पर भी जोर

जिलाधिकारी ने बरसात के मौसम को देखते हुए विद्यालय परिसरों में विद्युत खंभों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा प्रत्येक माह के चौथे शनिवार को आयोजित होने वाली अभिभावक-शिक्षक बैठक में अधिकारियों की अनिवार्य सहभागिता पर भी जोर दिया।

साथ ही, विद्यालयों में भौतिक, नैतिक, सांस्कृतिक, खेलकूद, नवाचार एवं वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने वाली सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर विशेष बल देने को कहा।

मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा कक्षा 5 से 6, 8 से 9, 10 से 11 एवं 12 से उच्च शिक्षा में प्रवेश (ट्रांजिशन रेट) बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालय छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उनके अभिभावकों से संपर्क स्थापित करने और उन्हें आयु-संगत कक्षाओं में पुनः प्रवेश दिलाने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने राज्यपाल की मंशा के अनुरूप आंगनबाड़ी से लेकर डिग्री कॉलेज तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था विकसित करने के लिए एक समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने निजी विद्यालयों की बसों की सुरक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा एक्सपोजर विजिट जैसी सुविधाओं को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में, शैक्षिक सत्र 2026-27 में सर्वाधिक नामांकन करने वाले तीन परिषदीय विद्यालयों/कंपोजिट विद्यालयों - सटवां (मुंगराबादशाहपुर), चेतरहाँ (सुईथाकला) एवं राजापुर डडापुर (रामनगर) के प्रधानाध्यापकों को जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।

.