September 13, 2026

DJ-ऑर्केस्ट्रा पर FIR, सांसद की गाड़ी का शीशा तोड़ा: सीवान में अश्लील गाने बजाने और तोड़फोड़ के आरोप में 3 लोग गिरफ्तार - Siwan News

सीवान के महाराजगंज में गुरुवार रात और शुक्रवार दिन में निकले मौनिया बाबा मेले में डीजे-ऑर्केस्ट्रा को लेकर डीएम विजय प्रकाश मीणा और एसपी भारत सोनी के प्रतिबंध के दावे जमीन पर बेअसर नजर आए।

.

मेले से पहले प्रशासन ने डीजे और ऑर्केस्ट्रा पर पूरी तरह रोक की बात कही थी। दूसरी ओर सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने ऑर्केस्ट्रा को लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम बताते हुए इसके आयोजन के पक्ष में दलील दी।

इसके बाद अखाड़ा समितियों के कार्यक्रम में डीजे और ऑर्केस्ट्रा का जमकर इस्तेमाल हुआ और अश्लील गाने भी बजाए गए।

प्रशासन की मनाही के बावजूद मेले में तलवार, भाला और चाकू जैसे हथियार लाए गए। मेले में प्रतिबंधित गतिविधियों के बीच सांसद के ही स्कॉर्ट वाहन को युवकों ने निशाना बना दिया।

100 से 150 अज्ञात को आरोपी बनाया गया

तोड़फोड़ में स्कॉर्ट गाड़ी का शीशा टूट गया। यानी जिस आयोजन को लेकर सांसद की दलील और प्रशासन की मनाही आमने-सामने थी, उसी मेले में सुरक्षा व्यवस्था के बीच सांसद के वाहन पर भी हमला हो गया।

घटना के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज की और महाराजगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

एफआईआर में सांसद के स्कॉर्ट वाहन में तोड़फोड़, तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने और ऑर्केस्ट्रा कराने के आरोप शामिल हैं।

मामले में तीन नामजद समेत 100 से 150 अज्ञात डीजे-ऑर्केस्ट्रा संचालकों और सदस्यों को आरोपी बनाया गया है।

अश्लील गानों पर डांस करती नजर आई डांसर

एसडीपीओ अमन ने बताया कि मेले के दौरान कुछ युवकों ने सांसद के स्कॉर्ट वाहन को निशाना बनाया था। वहीं प्रशासनिक मनाही के बावजूद तेज आवाज में अश्लील गाने बजाकर ऑर्केस्ट्रा कराने को लेकर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने महुआरी निवासी आयुष कुमार, रितेश कुमार और सन्नी सिंह को गिरफ्तार किया है। अज्ञात आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच जारी है।

इधर, मेले से पहले एसपी भारत सोनी ने सोशल मीडिया पर कार्यक्रम में आने की जानकारी देने वाली वायरल ऑर्केस्ट्रा नर्तकियों को नोटिस देने और उनके आने पर कार्रवाई की बात कही थी।

इसके बावजूद नर्तकियां मौनिया बाबा मेले में पहुंचीं और अश्लील गानों पर डांस करती नजर आईं। कार्यक्रम के वीडियो भी सामने आए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए SDO और SDPO

अब दर्ज एफआईआर में डीजे-ऑर्केस्ट्रा संचालकों और सदस्यों पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है, जबकि एसपी की ओर से पहले दी गई चेतावनी के बावजूद कार्यक्रम में पहुंची नर्तकियों का मामला भी प्रशासनिक कार्रवाई के दायरे में है।

पूरे घटनाक्रम ने मेले में प्रशासनिक प्रतिबंध, राजनीतिक हस्तक्षेप और उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई—तीनों को एक ही कड़ी में ला खड़ा किया है।

मूसलाधार बारिश के बीच भी एसडीओ अनीता सिन्हा और एसडीपीओ अमन सड़क पर ड्यूटी करते और सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए।

लेकिन इसी मेले में प्रशासन की मनाही के बावजूद डीजे-ऑर्केस्ट्रा और अश्लील गानों का संचालन होना अब कार्रवाई की सबसे बड़ी तस्वीर बनकर सामने आया है।