खंडवा दौरे पर पहुंचीं निमाड़ रेंज की डीआईजी सिमाला प्रसाद शनिवार को पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक के बाद वैकुंठ नगर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शिवनेरी कार्यालय पहुंचीं।
.
यहां उन्होंने संघ के प्रचारक से मुलाकात की। काफी देर तक बातचीत की। हालांकि, इस मुलाकात के दौरान किन विषयों पर चर्चा हुई। इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इससे पहले डीआईजी ने पुलिस कंट्रोल रूम में अधिकारियों की बैठक की। मिटिंग में नवदुर्गा उत्सव, प्रतिमा विसर्जन चल समारोह और विजयादशमी पर्व के दौरान सुरक्षा व कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने, विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त इंतजाम रखने और चल समारोह के दौरान भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

डीआईजी ने पदमनगर थाने पर बलवा ड्रिल देखी।
त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में डीआईजी ने निर्देश दिए कि संवेदनशील गांवों और क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
ताकि विसर्जन के दौरान अव्यवस्था न हो। चल समारोह के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए वालंटियर्स की तैनाती तथा पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था करने को भी कहा गया।
उन्होंने त्योहारों के दौरान शांति भंग करने की आशंका वाले लोगों पर नजर रखने और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पदमनगर थाने में देखी बलवा नियंत्रण की ड्रिल
बैठक के बाद डीआईजी सिमाला प्रसाद पदमनगर थाने पहुंचीं। यहां उन्होंने बलवा नियंत्रण के लिए उपलब्ध सामग्री का अवलोकन किया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से बलवा नियंत्रण सामग्री धारण करने की ड्रिल भी कराई गई।
डीआईजी ने पुलिसकर्मियों को बलवा नियंत्रण के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और चल समारोह में किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों की समीक्षा भी की गई।
पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आदित्य सिंघारिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गजेंद्र सिंह कंवर, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे सहित शहर के अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।