July 25, 2026

Dharmendra Pradhan Resignation: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अभिजीत दीपके का बड़ा बयान, बोले- 'अभी पहला विकेट गिरा है' - Haribhoomi

Dharmendra Pradhan Resignation: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि अभी सिर्फ पहला विकेट गिरा है। मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और अधीर रंजन चौधरी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।

Dharmendra Pradhan Resignation

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP संस्थापक अभिजीत दीपके का बयान।

  • Published: 25 Jul 2026, 03:31 PM IST
  • Last Updated: 25 Jul 2026, 03:54 PM IST

Dharmendra Pradhan Resignation: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने त्यागपत्र की जानकारी देते हुए कहा कि यह उनके लिए प्रतिष्ठा का सवाल नहीं था। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके समेत विपक्ष के कई नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है। मनीष सिसोदिया और संजय सिंह ने इसे युवा और छात्र आंदोलन की जीत बताया, जबकि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यह फैसला बहुत पहले लिया जा सकता था।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर क्या बोले अभिजीत दीपके?
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि यह दिखाता है कि अगर लोग डरें नहीं और सरकार के सामने न झुकें तो जवाबदेही तय कराई जा सकती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपके ने कहा, “अभी तो ये शुरुआत है। अभी सिर्फ पहला विकेट गिरा है।” उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने के दौरान कई बड़े नेताओं ने उनसे कहा था कि मौजूदा सरकार में मंत्रियों के इस्तीफे नहीं होते।

#WATCH | Delhi: On the resignation of Union Education Minister Dharmendra Pradhan, Abhijeet Dipke, Founding President of Cockroach Janta Party, says, "...This is the first wicket. We won't stop here. This is just the beginning. I salute all students, all the volunteers who have… pic.twitter.com/vWPseOMdLD

— ANI (@ANI) July 25, 2026

'झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए'
अभिजीत दीपके ने कहा, “पिछले एक महीने से बहुत सारे बड़े-बड़े नेताओं ने मुझसे आकर कहा कि तुम सरकार को नहीं जानते हो। इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते। हम कहना चाहते हैं कि झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए।”

दीपके ने पुलिसकर्मियों पर की टिप्पणी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दौरान दीपके ने जंतर-मंतर पर मौजूद पुलिसकर्मियों को लेकर भी तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जब एक मंत्री का इस्तीफा हो सकता है तो अधिकारियों को भी अपनी जवाबदेही समझनी चाहिए।

#WATCH | Delhi: On the resignation of Union education minister Dharmendra Pradhan, Founding President of Cockroach Janta Party, Abhijeet Dipke says, "There's no need to be afraid. This is democracy. He has resigned, but we have two more demands. We won't go like this. Dharmendra… pic.twitter.com/K8xiZ0NInO

— ANI (@ANI) July 25, 2026

युवा शक्ति को सलाम-मनीष सिसोदिया

मनीष सिसोदिया बोले- देश की युवा शक्ति को सलाम दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे युवा आंदोलन की जीत बताया।

सिसोदिया ने X पर पोस्ट किया, “देश की युवा शक्ति को सलाम, GenZ को सलाम, हरेक आंदोलनकारी को सलाम।” उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए दावा किया कि छात्र और युवा आंदोलन के दबाव के कारण सरकार को यह फैसला लेना पड़ा।

संजय सिंह बोले- युवा शक्ति जिंदाबाद
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने X पर लिखा, “युवा शक्ति जिंदाबाद, छात्र शक्ति जिंदाबाद। जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है।”

संजय सिंह ने दावा किया कि देश के युवाओं के आंदोलन ने केंद्र सरकार को शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेने के लिए मजबूर किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक से शुरू हुई लड़ाई रोजगार के मुद्दे तक जाएगी और अब सरकार की गलतियों पर जवाबदेही तय करने की मांग जारी रहेगी।

युवा शक्ति जिंदाबाद, छात्र शक्ति जिंदाबाद। जिस और जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता हैं।
देश के करोड़ों युवाओं ने अपने आंदोलन के बदौलत कुम्भकरण की नींद में सो रही मोदी सरकार को जगाया और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेने के लिए मजबूर किया। पेपर लीक से शुरू हुई लड़ाई, रोज़गार तक जाएगी।… pic.twitter.com/ijbr5VxKU8

— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) July 25, 2026

अधीर रंजन चौधरी बोले- बहुत पहले हो सकता था यह काम
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “यह काम बहुत पहले किया जा सकता था। अगर ऐसा पहले किया गया होता, तो इस तरह की बुरी घटना को टाला जा सकता था।” अधीर रंजन चौधरी ने दावा किया कि सरकार ने दबाव में धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया है।

NEET विवाद के बीच धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब NEET-UG परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक को लेकर छात्र लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर समेत कई जगहों पर प्रदर्शन हुए हैं और विपक्ष भी शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करने की मांग करता रहा है।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अब राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है। विपक्षी नेता इसे छात्र और युवा आंदोलन की जीत बता रहे हैं।