Dhanbad News : दुर्गापूजा में मां दुर्गा के दर्शन और आकर्षक पूजा पंडालों को देखने निकलने से पहले रास्तों की जानकारी जरूर ले लें. गोविंदपुर में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है. ऐसे में पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव और बढ़ा सकती है. इससे निपटने के लिए धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था तैयार की है.


षष्ठी से दशमी तक यानी 16 से 20 अक्टूबर के बीच शहर के कई इलाकों में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी. कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी जबकि कुछ रास्तों को वन-वे किया जाएगा. प्रमुख पूजा पंडालों के आसपास बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे. पुलिस का जोर भीड़ को नियंत्रित करने, जाम से बचने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से पूजा पंडालों तक पहुंचाने पर रहेगा.
ऐसे में घर से निकलने से पहले अपने गंतव्य तक पहुंचने का रास्ता तय कर लेना बेहतर होगा.खासकर परिवार और बच्चों के साथ पूजा पंडालों में जाने वाले श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी रखनी चाहिए.
कही रास्ता बंद, तो कही बदलना होगा रूट
सरायढेला पूजा पंडाल
सरायढेला थाना मोड़ से वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी.श्रद्धालु एसएनएमएमसीएच के बगल से कोयला नगर होकर पूजा पंडाल तक पहुंच सकते हैं. गोल बिल्डिंग की ओर से आने वाले वाहन कोलाकुसमा तक ही जा सकेंगे. इसके आगे श्रद्धालुओं को पैदल जाना होगा. इस मार्ग पर निकलने वाले लोग अपने वाहन की पार्किंग की व्यवस्था पहले ही कर लें.
झारखंड मैदान पूजा पंडाल
झारखंड मैदान जाने वाले श्रद्धालु हटिया मोड़, रणधीर वर्मा चौक, डीआरएम चौक और मजार होकर पहुंच सकते हैं.बरमसिया और बलियापुर की ओर से आने वाले लोग अंदरूनी मार्गों का इस्तेमाल कर सकेंगे. पूजा पंडाल के आसपास भीड़ बढ़ने पर पुलिस के निर्देश के अनुसार रास्ते में बदलाव हो सकता है.
मनईटांड़ और पुराना बाजार पूजा पंडाल
मनईटांड़ और पुराना बाजार के पूजा पंडालों तक पहुंचने के लिए धनसार चौक और हावड़ा मोटर की ओर से रास्ता उपलब्ध रहेगा. हीरापुर की तरफ से आने वाले श्रद्धालु अंदरूनी सड़कों से बाइक या पैदल पहुंच सकते हैं. भीड़भाड़ को देखते हुए वाहन चालकों को पुलिस के निर्देशों का पालन करना होगा. प्रमुख पूजा पंडालों के लिए निर्धारित रास्तों के अलावा अन्य वैकल्पिक मार्ग भी रखे गए हैं. श्रद्धालुओं को प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
शहर के कई इलाकों में लगेंगे बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट
पूजा पंडालों के आसपास भीड़ और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए धनबाद शहर के विभिन्न हिस्सों में बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे. सरायढेला, धनबाद, बैंक मोड़ और धनसार थाना क्षेत्रों के अलावा भूली, केंदुआडीह, झरिया, जोड़ाफाटक, सुदामडीह, निरसा और गोविंदपुर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी विशेष यातायात प्रबंध किए जाएंगे.
कहां-कहां रहेगी विशेष व्यवस्था
सरायढेला थाना क्षेत्र थाना मोड़, न्यू बैंक कॉलोनी, एसएनएमएमसीएच और स्टील गेट सहित 15 स्थानों पर बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट की व्यवस्था की जाएगी.धनबाद थाना क्षेत्र -झारखंड मैदान, हटिया चौक से गोल्फ ग्राउंड जाने वाली सड़क, हरि मंदिर, हीरापुर ब्लॉक मैदान, अभय सुंदरी गर्ल्स हाई स्कूल, वाईएमसीए रेलवे ग्राउंड, जैक एंड जिल स्कूल परिसर, झाड़ूडीह दुर्गा मंदिर, पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान और कार्मल स्कूल के सामने विशेष व्यवस्था रहेगी.
बैंक मोड़ थाना क्षेत्र - रेलवे स्टेशन के दक्षिणी गेट और मटकुरिया श्मशान रोड पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा.
धनसार थाना क्षेत्र - प्राणजीवन अकादमी स्कूल मैदान और पुराना स्टेशन दुर्गा मंडप मैदान में विशेष इंतजाम रहेंगे.
इसके अलावा सरायढेला क्षेत्र के सीआईएसएफ परेड ग्राउंड और स्टील गेट सब्जी मंडी मैदान में भी बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट की व्यवस्था की जाएगी. अन्य थाना क्षेत्रों में भी पिछले वर्षों की व्यवस्था के अनुरूप यातायात प्रबंधन किया जाएगा.
24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम, सोशल मीडिया पर भी नजर
दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है.यह 24 घंटे सक्रिय रहेगा. पुलिस सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखेगी. किसी भी तरह की अफवाह, भ्रामक पोस्ट या आपत्तिजनक सूचना सामने आने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
जिला प्रशासन ने लोगों से सीमित गति में वाहन चलाने, प्रतिबंधित मार्गों से बचने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है. प्रशासन की कोशिश है कि यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और निगरानी के बेहतर इंतजामों के बीच श्रद्धालु बिना अनावश्यक परेशानी के मां दुर्गा के दर्शन कर सकें. हालांकि पूजा के दौरान जाम से बचने के लिए लोगों को भी निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करना होगा.