September 1, 2026

दिल्ली में वीजा नियमों का उल्लंघन करने पर 2 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, दोनों डिटेंशन सेंटर भेजे - Haribhoomi

Delhi Police: दिल्ली में वीजा नियमों का उल्लंघन करने पर 2 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, दोनों डिटेंशन सेंटर भेजे

Delhi Police: दिल्ली पुलिस की सेंट्रल जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने ऑपरेशन विस्टा 1.0 के तहत 2 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

 Delhi Police

दिल्ली पुलिस ने 2 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया।

  • Published: 01 Sep 2026, 06:24 PM IST
  • Last Updated: 01 Sep 2026, 06:24 PM IST

Delhi Police:  दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने ऑपरेशन विस्टा 1.0 के तहत वीजा नियमों का उल्लंघन कर तय अवधि से ज्याद समय तक भारत में रहने वाले दो बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। दोनों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया। दोनों के निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए विदेशी नागरिकों में 25 वर्षीय जोमिर हुसैन और 39 वर्षीय एक महिला शामिल हैं। दोनों बांग्लादेश के रहने वाले हैं। पुलिस ने सेंट्रल जिले के विभिन्न होटलों और गेस्ट हाउस में विशेष सत्यापन अभियान चलाया था। इस दौरान विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट, वीजा और अन्य यात्रा दस्तावेजों की जांच की गई। 

15 दिन की अनुमति के बावजूद अधिक समय तक रहे

जांच के दौरान सामने आया कि दोनों भारत में डबल-एंट्री वीजा पर आए थे। वीजा की शर्तों के अनुसार उन्हें प्रत्येक यात्रा के दौरान अधिकतम 15 दिनों तक भारत में रहने की अनुमति थी। हालांकि, दोनों निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में रहे।

पुलिस ने बताया कि जोमिर हुसैन 9 जुलाई को भारत आया था। उसे अराकाशन रोड, नबी करीम स्थित एक होटल से पकड़ा गया। वहीं, 39 वर्षीय महिला 27 जुलाई को भारत पहुंची थी और उसे चांदी वाला मेन बाजार, पहाड़गंज स्थित एक होटल से पकड़ा गया।

FRRO ने जारी किया प्रतिबंध आदेश

डीसीपी सेंट्रल जिला रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि ऑपरेशन विस्टा 1.0 के तहत जिले में विदेशी नागरिकों के वीजा और यात्रा दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य वीजा नियमों का उल्लंघन करने वाले विदेशी नागरिकों की पहचान कर उनके खिलाफ निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करना है। 

अभियान का नेतृत्व स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर संदीप यादव ने किया, जबकि इसकी निगरानी एसीपी ऑपरेशंस पदम सिंह राणा कर रहे थे। टीम ने दस्तावेजों की जांच के बाद दोनों नागरिकों को FRRO के समक्ष पेश किया।

FRRO ने दोनों के खिलाफ प्रतिबंध आदेश जारी करते हुए उन्हें सेवा धाम डिटेंशन सेंटर, शाहजादा बाग, सराय रोहिल्ला में रखने के निर्देश दिए हैं। दोनों को निर्वासन से जुड़ी आगामी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा।