July 30, 2026

Delhi Government Hospitals:

Delhi Government Hospitals: दिल्ली के सरकारी अस्पतालों को स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज सिंह ने सख्त निर्देश जारी किए हैं, यहां पढ़ें पूरी खबर....

Delhi Government Hospitals

दिल्ली के सरकारी अस्पतालों को सख्त निर्देश जारी।

  • Published: 30 Jul 2026, 05:11 PM IST
  • Last Updated: 30 Jul 2026, 05:13 PM IST

Delhi Government Hospitals: दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में इलाज और दवा लेने आने वाले मरीजों को अब तय समय से पहले वापस नहीं लौटाया जा सकेगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी अस्पताल में निर्धारित समय से पहले OPD या दवा वितरण काउंटर बंद करने की शिकायत मिली, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने सभी मेडिकल सुपरिटेंडेंट और मेडिकल डायरेक्टर को निर्देश दिया कि अस्पतालों में ओपीडी और दवा वितरण सेवाएं तय समय तक बिना रुकावट चलते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को समय से पहले काउंटर बंद होने के कारण परेशानी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में किन मुद्दों पर हुई समीक्षा 

बैठक में अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, बेड की स्थिति, डॉक्टरों और कर्मचारियों की तैनाती, साफ-सफाई, जांच सुविधाओं और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में कोई कमी न आए।  
मानसून के दौरान डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया और जलजनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए सभी सरकारी अस्पतालों को विशेष तैयारियां करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर दवाओं की खरीद और मरीजों की संख्या बढ़ने की स्थिति में आपात व्यवस्थाएं तत्काल सक्रिय करने को कहा गया है।

समीक्षा बैठक में क्या बताया गया ?

समीक्षा बैठक में बताया गया कि दिल्ली सरकार के अस्पतालों में करीब 18 हजार बेड उपलब्ध हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिए कि ऑपरेशनल और आईसीयू बेड हर समय पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहें, ताकि गंभीर मरीजों के इलाज में किसी तरह की बाधा न आए। साथ ही इमरजेंसी चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। 

बैठक के दौरान सरकारी अस्पतालों में चल रही निर्माण और विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। लोक निर्माण विभाग (PWD) को जर्जर भवनों की मरम्मत, लंबित निर्माण कार्यों और नवीनीकरण परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

इसके अलावा, भारत सरकार के सहयोग से आपातकालीन स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने की योजना के तहत सभी सरकारी अस्पतालों से उनकी जरूरतों का विस्तृत प्रस्ताव स्वास्थ्य विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इन प्रस्तावों के आधार पर भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और स्वास्थ्य सचिव ने भी हिस्सा लिया। बैठक का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि मॉनसून के दौरान बढ़ते मरीजों के दबाव के बीच भी दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में इलाज, दवाएं और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं समय पर और बिना किसी व्यवधान के उपलब्ध रहें।