August 14, 2026

Death Threat: Baba Siddique की हत्या के 22 माह बाद निशाने पर बेटा NCP नेता Zeeshan? बेटी को मिली मर्डर की धमकी

Time Published: Friday, August 14, 2026, 21:11 [IST]

Zeeshan Siddique Death Threat: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता और दिवंगत बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को जीशान ने मुंबई के बांद्रा पश्चिम पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, उन्हें विदेश से एक वॉइस नोट मिला, जिसमें धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा (Gangster Rohit Godara) से जुड़े गिरोह का सदस्य बताया है। पुलिस अब इस धमकी की वास्तविकता और इसके पीछे के व्यक्ति की पहचान की जांच कर रही है।

आपको बता दें कि, 7 दिन पहले यानी 7 अगस्त को जीशान की बहन को भी जान से मारने की धमकी मिली थी। यह धमकियां इस लिए गंभीर हैं क्योंकि, जीशान के पिता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के करीब 22 महीने बाद बेटे को मिली धमकी ने एक बार फिर सिद्दीकी परिवार की सुरक्षा और मुंबई में सक्रिय संगठित अपराध गिरोहों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। आइए विस्तार से जानते हैं....

zeeshan-siddique-death-threat

विदेश से आया वॉइस नोट, रोहित गोदारा गैंग से जुड़ने का दावा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जीशान सिद्दीकी को यह धमकी उस समय मिली, जब वह विदेश में थे। उनके फोन पर आए वॉइस नोट में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपना नाम जीशान अख्तर (Zeeshan Akhtar) बताया और खुद को रोहित गोदारा गिरोह से जुड़ा बताया। यह वॉइस नोट कथित तौर पर पुर्तगाल के एक फोन नंबर से भेजा गया था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या नहीं।

पुलिस अब फोन नंबर, वॉइस नोट और उसके स्रोत की जांच कर रही है। ऐसे मामलों में सबसे अहम सवाल यह होता है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में संबंधित गैंग का सदस्य है या सिर्फ गैंग के नाम का इस्तेमाल कर डर पैदा करने या वसूली की कोशिश कर रहा है। जीशान पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि उन्हें मिली धमकी की जानकारी उन्होंने मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को दी है।

बेटी को भी मिली थी धमकी

7 अगस्त 2026 को बांद्रा पुलिस ने बाबा सिद्दीकी की बेटी व जीशान की बहन अरहसिया की शिकायत पर गैर-संज्ञेय (NC) मामला दर्ज किया था। उन्हें सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा ऑडियो क्लिप मिला था। इस क्लिप में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद को गैंगस्टर जीशान अख्तर (Zeeshan Akhtar) बताया और सिद्दीकी परिवार को धमकी दी। पुलिस के मुताबिक, उस समय जीशान को सीधे कोई धमकी नहीं मिली थी। ऑडियो क्लिप उनकी बहन को सोशल मीडिया पर मिला था।

पहले भी जीशान को मिली थी 10 करोड़ रुपये की धमकी

आपको बता दें कि, 12 अक्टूबर 2024 को बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद से सिद्दीकी परिवार पर खतरा मंडरा रहा है। इससे पहले, अप्रैल 2025 में भी जीशान को ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई थी। उस समय धमकी देने वाले ने कथित तौर पर खुद को 'D-Company' से जुड़ा बताया था और 10 करोड़ रुपये की मांग की थी। ईमेल में कथित तौर पर जीशान को उनके पिता के समान अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। जीशान ने बांद्रा पुलिस से शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और ईमेल भेजने वाले की पहचान और IP एड्रेस का पता लगाने की कोशिश की थी।

बाबा सिद्दीकी की हत्या से क्या है कनेक्शन?

12 अक्टूबर 2024 की रात मुंबई के बांद्रा ईस्ट में जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह उस समय अपने बेटे के कार्यालय से बाहर निकल रहे थे। तीन हमलावरों ने उन पर गोलीबारी की थी।

मुंबई पुलिस की जांच के बाद इस मामले में बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां हुईं। फरवरी 2026 में विशेष MCOCA अदालत ने 27 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA), आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप तय किए गए। सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया। पुलिस की चार्जशीट में गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई (Anmol Bishnoi) को वांछित आरोपी के तौर पर नामजद किया गया है। वह जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) का भाई है। अभियोजन पक्ष का आरोप है कि बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश अनमोल बिश्नोई ने रची थी। पुलिस के मुताबिक, इसका मकसद गिरोह का दबदबा कायम करना था।

Salman Khan का नाम क्यों जुड़ता है?

बाबा सिद्दीकी बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के करीबी माने जाते थे। यही वजह है कि उनकी हत्या के बाद इस मामले की चर्चा सलमान खान की सुरक्षा और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े मामलों के संदर्भ में भी हुई। पुलिस के अभियोजन पक्ष के अनुसार, बाबा सिद्दीकी की हत्या के पीछे उनके सलमान खान से करीबी संबंध भी एक कारण के तौर पर जांच में सामने आया था। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने दावा किया था कि हत्या का उद्देश्य गिरोह की ताकत और दबदबा स्थापित करना था।