नई दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज): राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पैलेट गन चलाने का मामला अब एक बड़े सियासी संग्राम में तब्दील हो गया है। दोषी पुलिसकर्मियों पर तुरंत एफआईआर और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को संसद मार्ग स्थित डीसीपी कार्यालय पहुंचे। जब पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज करने से इनकार किया, तो राहुल गांधी दफ्तर के बाहर ही धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौके पर पहुंच गईं, जिसके बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया और पुलिस को कनॉट प्लेस से संसद मार्ग जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग लगानी पड़ी।
दोषी पुलिसकर्मियों पर तुरंत FIR दर्ज करने की मांग
जंतर-मंतर पर हुए CJP के प्रदर्शन में छात्रों पर पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर राहुल गांधी ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे राहुल गांधी ने अधिकारियों से दो टूक कहा कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर पैलेट गन चलाना बेहद गंभीर और अमानवीय कृत्य है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि जब तक इस बर्बर कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ इसी थाने में मुकदमा दर्ज नहीं होता, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
जांच के आश्वासन पर नहीं बनी बात, थाने पहुंचीं प्रियंका गांधी
राहुल गांधी के कड़े तेवरों के बाद डीसीपी ने उन्हें समझाने का प्रयास करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की जांच दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम कर रही है और जांच पूरी होते ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, राहुल गांधी तुरंत एफआईआर की मांग पर अड़े रहे। धरने में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की जुटती भीड़ को देखकर पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा खुद दफ्तर से बाहर आए और बातचीत की पहल की। इसी दौरान प्रियंका गांधी भी संसद मार्ग थाने पहुंच गईं, जिसके बाद उपायुक्त सभी कांग्रेस नेताओं को बातचीत के लिए थाने के अंदर ले गए।
कनॉट प्लेस से संसद मार्ग तक बैरिकेडिंग, वाहनों की आवाजाही रोकी
धरने और बढ़ते हंगामे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एहतियात के तौर पर कनॉट प्लेस से संसद मार्ग थाने की ओर आने वाले सभी रास्तों पर मजबूत बैरिकेडिंग लगा दी गई है और आम वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। अचानक रास्ते बंद होने से इस इलाके में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। फिलहाल थाने के भीतर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के बीच बातचीत का दौर जारी है।
You Might Be Interested In
- सरकार का बड़ा फैसला, अखिलेश-मायावती समेत 44 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट देने की तैयारी
- CJP डरने वाली नहीं है’, अभिजीत दीपके ने सरकार को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
- मोदी सरकार ने बताई सच्चाई, एथनॉल नहीं इस वजह से बढ़ रहे चीनी के दाम
- जिद के आगे झुकी पुलिस, पैलेट गन केस में FIR दर्ज; नेता विपक्ष बोले- ‘न्याय का पहला कदम’
- पहाड़ी से कूदे बेटे को बचाने में गिरे पिता, आंखों के सामने परिवार उजड़ता देख मां ने भी लगाई छलांग; पूरा परिवार खत्म
- समुद्री लुटेरों ने अगवा किए 2 कमर्शियल जहाज, 22 भारतीय बंधक; सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप