August 1, 2026

CWG 2026: ट्रिपल जंप में भारत को मिली 'डबल' खुशी, प्रवीण ने जीता सिल्वर तो सेल्वा प्रभु को मिला ब्रॉन्ज

CWG 2026: ट्रिपल जंप में भारत को मिली 'डबल' खुशी, प्रवीण ने जीता सिल्वर तो सेल्वा प्रभु को मिला ब्रॉन्ज

प्रवीण चित्रावेल (बाएं) और सेल्वा प्रभु (दाएं) ने भारत के खाते में 2 मेडल लिखवाएImage Credit source: Getty Images

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के एथलेटिक्स मुकाबलों में भारत की झोली में मेडल आते जा रहे हैं. अलग-अलग इवेंट में पहले ही कई मेडल जीतने के बाद देश को ट्रिपल जंप में भी सफलता मिली है, बिल्कुल वैसी ही जैसी जैवलिन थ्रो में मिली. भारत के नंबर-1 ट्रिपल जंपर प्रवीण चित्रावेल ने आखिरकार CWG में मेडल जीतने का अपना सपना पूरा कर लिया. चार साल पहले मामूली अंतर से ब्रॉन्ज मेडल से चूकने वाले प्रवीण ने इस बार भरपाई करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया. वहीं पहली बार गेम्स में हिस्सा ले रहे सेल्वा प्रभु तिरुमारन ने ब्रॉन्ज जीतकर देश की खुशी को दोगुना कर दिया.

ग्लासगो में शनिवार 1 अगस्त को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 10वें दिन भारत के लिए एथलेटिक्स में पहली सफलता ट्रिपल जंप से ही आई. पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स की ही तरह इस बार भी भारत के दो जंपरों ने पोडियम में जगह बनाई. हालांकि, बर्मिंघम गेम्स में जहां देश की झोली में गोल्ड और सिल्वर मेडल आए थे, वहीं इस बार सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल से काम चलाना पड़ा. मगर ये दोनों ही मेडल जिन खिलाड़ियों ने जीते वो खास थे.

प्रवीण ने पूरी की 4 साल पुरानी कसर

इस मुकाबले में भारत के सीनियर ट्रिपल जंपर प्रवीण चित्रावेल पर सबसे ज्यादा नजरें थीं क्योंकि 4 साल पहले वो ब्रॉन्ज मेडल से चूक गए थे और चौथे स्थान पर रहे थे. मगर इस बार प्रवीण ने उसकी कसर न सिर्फ पूरी की बल्कि दूसरा स्थान हासिल करते हुए सिल्वर मेडल जीत लिया. प्रवीण ने 16.58 मीटर की बेस्ट छलांग के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया. गोल्ड मेडल जमैका के जॉर्डन स्कॉट के नाम रहा, जिन्होंने 16.72 मीटर की छलांग लगाई. इसमें सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात ये है कि प्रवीण ने बर्मिंघम गेम्स में 16.89 मीटर की दूरी हासिल की थी, जो तब ब्रॉन्ज मेडल के लिए भी काफी नहीं थी लेकिन इस बार इससे कम डिस्टेंस में ही गोल्ड मेडल तय हो गया.

डेब्यू CWG में ही जीत लिया मेडल

वहीं दूसरी ओर सेल्वा प्रभु तिरुमारन थे, जो कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना डेब्यू कर रहे थे और ये डेब्यू सफल साबित हुआ. सिर्फ 21 साल के इस जंपर ने 16.52 मीटर की ट्रिपल जंप की, जो उनके करियर के बेस्ट परफॉर्मेंस से कम थी लेकिन उन्हें तीसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए काफी थी और ब्रॉन्ज मेडल उनकी झोली में आ गया. ये उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा मेडल है. इससे पहले 2022 में उन्होंने अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button