हरियाणा के भिवानी (गांव धनाना) की मुक्केबाज प्रिया घनघस का भारत लौटने पर दिल्ली एयरपोर्ट पर उनके परिवार, ग्रामीणों और प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, कोच और BFI (बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया) के सहयोग को दिया।
भिवानी की प्रिया घनघस का दिल्ली एयरपोर्ट पर किया गया शानदार स्वागत।
- Published: 04 Aug 2026, 04:47 PM IST
- Last Updated: 04 Aug 2026, 04:47 PM IST
CWG 20206: ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्णिम सफलता हासिल करने के बाद भिवानी (हरियाणा) के गांव धनाना की बेटी और बॉक्सर प्रिया घनघस भारत लौट आई हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर परिजनों, प्रशंसकों और गांव के लोगों ने उनका जोरदार और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया।
'यह पूरे देश का मेडल है'- प्रिया घनघस का भावुक संदेश
स्वदेश लौटने पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए प्रिया घनघस ने कहा, "यह मेडल सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरे देश का है। खेल में संघर्ष के बिना कुछ हासिल नहीं होता। हर खिलाड़ी के जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में भी हार न मानकर ट्रेनिंग जारी रखना ही सफलता की कुंजी है।" उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, कोच और बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) के अटूट सहयोग को दिया।
स्प्लिट डिसीजन से हासिल किया स्वर्ण
महिलाओं के 60kg भारवर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में प्रिया ने अल-अहमदियेह को स्प्लिट डिसीजन (4-1) से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। पूरे मुकाबले के दौरान दोनों मुक्केबाजों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन प्रिया ने आक्रामक रुख बनाए रखते हुए सटीक पंचों के दम पर बाजी मार ली।
कुश्ती का था शौक, लेकिन हाथ में थामे बॉक्सिंग ग्लव्स
2016 में बॉक्सिंग करियर की शुरुआत करने वाली प्रिया घनघस को बचपन में कुश्ती का शौक था, लेकिन क्षेत्र में कुश्ती एकेडमी न होने के कारण उन्होंने मुक्केबाजी को चुना। पहले दादरी और बाद में 2022 से भिवानी में ट्रेनिंग करने वाली प्रिया पढ़ाई में भी होनहार रही हैं और 12वीं कक्षा में 83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे।
अगला पड़ाव एशियन गेम्स
कॉमनवेल्थ में देश का तिरंगा लहराने के बाद प्रिया घनघस ने अपना अगला लक्ष्य तय कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब उनका पूरा ध्यान आगामी एशियन गेम्स पर है और वह देश के लिए एक और स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से रिंग में उतरेंगी।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।