July 12, 2026

दिल्ली Crime Branch ने तोड़ा लग्जरी कार चोरी का बड़ा नेटवर्क, 12 लग्जरी कारें बरामद

पुलिस ने कब्जे से 12 चोरी की हाई-एंड लग्जरी गाड़ियां, फर्जी नंबर प्लेट और फर्जी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) बरामद किए हैं.

पुलिस ने कब्जे से 12 चोरी की हाई-एंड लग्जरी गाड़ियां, फर्जी नंबर प्लेट और फर्जी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) बरामद किए हैं.

author-image

New Update

arested

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (Anti Extortion & Kidnapping Cell) ने लग्जरी कार चोरी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में पंजाब और राजस्थान के दो रिसीवर गिरफ्तार किए गए हैं. पुलिस ने इनके कब्जे से 12 चोरी की हाई-एंड लग्जरी गाड़ियां, फर्जी नंबर प्लेट और फर्जी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) बरामद किए हैं. कई वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर से भी छेड़छाड़ की गई थी.

दिल्ली, पंजाब और राजस्थान तक फैला था नेटवर्क

क्राइम ब्रांच के अनुसार, दिल्ली में लगातार बढ़ रही लग्जरी कार चोरी की घटनाओं को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई थी. टीम ने कई मामलों के CCTV फुटेज, चोरी के तरीके और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया. जांच में सामने आया कि गिरोह देर रात महंगी गाड़ियों को निशाना बनाता था और कुछ ही मिनटों में कार चोरी कर फरार हो जाता था.

पहले पंजाब से आरोपी गिरफ्तार, फिर राजस्थान में हुई कार्रवाई

जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले पंजाब के तरनतारन निवासी गुरविंदर सिंह उर्फ बैंका को पूर्वी दिल्ली स्थित क्राउन प्लाजा होटल के पीछे MCD पार्किंग से गिरफ्तार किया. उसके पास से चोरी की एक क्रेटा कार बरामद हुई, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी. जांच में पता चला कि यह कार दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके से चोरी हुई थी. आरोपी के पास से फर्जी RC भी बरामद की गई.

पूछताछ में गुरविंदर ने खुलासा किया कि वह चोरी की गाड़ियों को पंजाब के अमृतसर, लुधियाना समेत कई इलाकों में बेचता था. उसने बताया कि गाड़ियां राजस्थान के बीकानेर निवासी दशरथ बिश्नोई उपलब्ध कराता था. इसके बाद क्राइम ब्रांच ने राजस्थान में छापेमारी कर दशरथ बिश्नोई को भी गिरफ्तार कर लिया.

4-5 लाख में खरीदते, फर्जी दस्तावेज बनाकर बेच देते थे

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह टोयोटा फॉर्च्यूनर, महिंद्रा थार, हुंडई क्रेटा, किआ, टोयोटा इनोवा, मारुति ब्रेजा, स्विफ्ट डिजायर, टाटा हैरियर और हुंडई अल्काजार जैसी महंगी गाड़ियों को मात्र 4 से 5 लाख रुपये में खरीदता था. इसके बाद इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाते थे और वाहनों को असली बताकर पंजाब और राजस्थान में बेच दिया जाता था.

12 लग्जरी कारें, फर्जी नंबर प्लेट और RC बरामद

क्राइम ब्रांच ने इस कार्रवाई में 12 हाई-एंड लग्जरी गाड़ियां, फर्जी नंबर प्लेट और फर्जी रजिस्ट्रेशन दस्तावेज जब्त किए हैं. पुलिस का कहना है कि इस ऑपरेशन से दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में सक्रिय चोरी की लग्जरी कारों के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है.

फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, वाहन चोरी करने वाले मुख्य आरोपियों और इस नेटवर्क से जुड़ी अन्य चोरी की गाड़ियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है.