August 30, 2026

CPL 2026: 11 विकेट झटके... पाकिस्तान के गेंदबाज ने तोड़ा रिकॉर्ड, जमैका किंग्समेन ने ट्रिनबागो नाइट राइडर्स को दी मात

CPL 2026: 11 विकेट झटके... पाकिस्तान के गेंदबाज ने तोड़ा रिकॉर्ड, जमैका किंग्समेन ने ट्रिनबागो नाइट राइडर्स को दी मात

पाक गेंदबाज का जलवा (Photo: CPL 20)

CPL 2026 के 20वें मैच में जमैका किंग्समेन ने ट्रिनबागो नाइट राइडर्स को हरा दिया. इस मैच का फैसला बारिश के चलते डकवर्थ लुईस नियम से हुआ. ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने मुकाबले में पहले खेलते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 180 रन बनाए. जवाब में जमैका किंग्समेन की इनिंग के दौरान बारिश का खलल देखने को मिला. बारिश को देखते हुए जमैका किंग्समेन ने शुरू से ही अपनी इनिंग की रफ्तार बनाए रखी, जिसका फायदा उन्हें मिला और डकवर्थ लुईस नियम का नतीजा उनके फेवर में गया.

जमैका किंग्समेन ने DLS से जीता मुकाबला

बारिश ने जमैका किंग्समेन की इनिंग के दौरान दो बार खलल डाला. पहली बार उसकी इनिंग के 9वें ओवर में और दूसरी बार 15वें ओवर में. बारिश ने जब दोबारा खलल डाला तब जमैका किंग्समेन का स्कोर 14.4 ओवर में 3 विकेट पर 127 रन था, जो कि DLS के तहत जरूरी 7 रन ज्यादा थे. ट्रिनबागो नाइट राइडर्स को हराकर जमैका किंग्समेन पॉइंट्स टेबल में भी चौथे से दूसरे नंबर पर पहुंच गया है

हुनैन शाह ने आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड तोड़ा

अब सवाल है कि जमैका किंग्समेन की जीत में चमका कौन? ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के खिलाफ उसे जीत दिलाने वाले रहे उसके दो गेंदबाज, जिसमें एक रहे पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हुनैन शाह. अपने भाई नसीम शाह की तरह हुनैन भी जबरदस्त गेंदबाज हैं. उसी का नतीजा है कि वो जमैका किंग्समेन के लिए अब सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड तोड़ा है.

जमैका किंग्समेन के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के खिलाफ हुनैन ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट लिए. इन 2 विकेटों के साथ उनके जमैका किंग्समेन के लिए खेले 8 मैचों में अब 11 विकेट हो गए हैं. इस मामले में उन्होंने रसेल को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने इस टीम के लिए 6 मैचों में 9 विकेट लिए हैं. इन दोनों खिलाड़ियों ने ये प्रदर्शन मौजदा सीजन में ही किया है.

19 साल का ये गेंदबाज बना प्लेयर ऑफ द मैच

हुनैन शाह के अलावा 19 साल के कलाइयों के स्पिनर वाइटल लॉज ने ट्रिपल विकेट मेडन ओवर फेंककर मैच में अपना दमदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट लिए, जो कि T20 में उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा. इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी दिया गया.

साकेत शर्मा

साकेत शर्मा

'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.

Read More

google button