
शादाब का धमाका (Photo: CPL T20)
CPL 2026 के 30वें मुकाबले में अपने पाकिस्तानी ऑलराउंडर के दम पर एंटीगा एंड बारमुडा फाल्कंस ने दमदार जीत दर्ज की. उसने गयाना अमेजन वॉरियर्स को 65 रन के बड़े अंतर से हरा दिया. इस जीत के साथ एंटीगा एंड बारमुडा फाल्कंस CPL 2026 के पॉइंट्स टेबल में नंबर 1 पर है. टीम को जीत दिलाते हुए पहले पायदान पर पहुंचाने वाले पाकिस्तानी ऑलराउंडर का नाम शादाब खान है, जो पहले तो गयाना अमेजन वॉरियर्स के खिलाफ बल्ले से बरसे फिर उतने से भी मन नहीं भरा तो गेंद से ही खलबली मचा दी.
सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट, सबसे कम इकॉनमी
शादाब खान अपनी टीम तो क्या पूरे मैच में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाने वाले बल्लेबाज होने के साथ-साथ सबसे किफायती गेंदबाज भी रहे. एंटीगा एंड बारमुडा फाल्कंस ने मैच में पहले खेलते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 182 रन बनाए. इसमें शादाब खान 30 रन बनाकर नाबाद रहे. लेकिन, वो 30 रन उन्होंने 333.33 की स्ट्राइक रेट से बनाए. शादाब खान ने नाबाद 30 रन, 9 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्के की मदद से बनाए.
बल्ले से तो बरसे ही, गेंद से भी कहर कम नहीं बरसा
शादाब खान का आतिशी खेल उनकी बल्लेबाजी तक ही सीमित नहीं रहा. वही तेवर उन्होंने गेंदबाजी में भी दिखाया, जहां वो अपनी टीम के ही नहीं बल्कि पूरे मैच के सबसे कंजूस यानी किफायती गेंदबाज साबित हुए. शादाब खान ने 4 ओवर में सिर्फ 19 रन दिए. 4.75 की उनकी इकॉनमी मैच में सबसे कम रही. इस दौरान शादाब खान ने 2 विकेट भी लिए, जिनमें ड्वेन प्रिटोरियस और क्विंटिन सैम्पसन के विकेट शामिल रहे.
183 के टारगेट के आगे पस्त पड़े विरोधी, टीम बनी नंबर 1
शादाब खान के इस ऑलराउंड खेल का ही असर रहा कि एंटीगा एंड बारमुडा फाल्कंस की टीम गयाना अमेजन वॉरियर्स पर भारी पड़ गई. 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गयाना अमेजन वॉरियर्स 14.2 ओवर में सिर्फ 117 रन ही बना सकी और बुरी तरह स मुकाबला हार गई. इसी के साथ पॉइंट्स टेबल में एंटीगा एंड बारमुडा फाल्कंस पहले नंबर पर आ गई.

साकेत शर्मा
'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.
Read More