July 30, 2026

Commonwealth Games 2026: फाइनल में पहुंचे नीरज चोपड़ा, पैतृक गांव पानीपत के खंडरा गांव में जश्न, चाचा भीम बोले- देश का सिर ऊंचा करेंगे - Haribhoomi

फाइनल में नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। दोनों अब तक 11 बार आमने-सामने आ चुके हैं, जिनमें से 10 बार नीरज ने बाजी मारी है।

Neeraj Chopra javelin throw.

कॉमनवेल्थ गेम्स के जैवलिन थ्रो फाइनल में जगह बनाने के बाद नीरज चोपड़ा के पैतृक गांव खंडरा में दौड़ी खुशी की लहर।

  • Published: 30 Jul 2026, 05:17 PM IST
  • Last Updated: 30 Jul 2026, 05:17 PM IST

Commonwealth Games 2026:  भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स के जैवलिन थ्रो फाइनल में जगह बना ली है। क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज ने 79.61 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर फाइनल के लिए आसानी से क्वालीफाई किया। उनके साथ भारत के रोहित यादव और यश वीर सिंह ने भी फाइनल में प्रवेश किया है।

फाइनल मुकाबला शुक्रवार देर रात 12:45 बजे खेला जाएगा, जहां पूरे देश की नजरें नीरज चोपड़ा पर होंगी। क्वालिफिकेशन में नीरज ने पहले प्रयास में 76.28 मीटर और दूसरे प्रयास में 79.61 मीटर का थ्रो किया। इसके बाद उन्होंने तीसरा प्रयास नहीं किया और फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की कर ली।

नीरज के पैतृक गांव खंडरा में जश्न का माहौल
नीरज के फाइनल में पहुंचने की खबर मिलते ही पानीपत के पैतृक गांव खंडरा में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी और जीत की खुशी मनाई। गांव के लोगों को उम्मीद है कि नीरज एक बार फिर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचेंगे।

चाचा भीम चोपड़ा ने देश को गोल्ड दिलाने की जताई उम्मीद
नीरज चोपड़ा के चाचा भीम चोपड़ा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सभी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नीरज फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और देश के लिए एक और स्वर्ण पदक जीतेंगे।

फाइनल में अरशद नदीम से 12वीं टक्कर पर नजर
फाइनल में नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम के बीच एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। दोनों दिग्गज अब तक 11 बार आमने-सामने आ चुके हैं, जिनमें 10 मुकाबलों में नीरज ने बाजी मारी है। हालांकि पेरिस ओलंपिक 2024 में अरशद नदीम ने ओलंपिक रिकॉर्ड 92.97 मीटर के साथ गोल्ड जीता था, जबकि नीरज ने 89.45 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया था।

 इतिहास में  90 मीटर पार करने वाले पहले भारतीय
नीरज चोपड़ा भारत के इतिहास में 90 मीटर से अधिक भाला फेंकने वाले पहले और इकलौते एथलीट हैं। उन्होंने 2025 दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का थ्रो कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। अब देशवासियों को उम्मीद है कि कॉमनवेल्थ गेम्स के फाइनल में भी नीरज अपने शानदार प्रदर्शन को दोहराते हुए भारत की झोली में एक और स्वर्ण पदक डालेंगे।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।